एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 30 मार्च को पश्चिम एशिया के लिए 20 नई उड़ानें
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 29 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के मद्देनजर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 30 मार्च 2026 को यात्रियों के लिए कुल 20 उड़ानें संचालित करने का निर्णय लिया है। इनमें से 10 उड़ानें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए होगी, जो कि प्रस्थान के स्थलों पर उपलब्धता और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करेंगी।
इन उड़ानों को यूएई के स्थानीय और भारतीय नियामकों से आवश्यक अनुमतियों के साथ संचालित किया जाएगा। एयरलाइंस समूह पश्चिम एशिया के गंतव्यों के लिए अतिरिक्त तदर्थ उड़ानों के संचालन के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
उत्तरी अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाली एयर इंडिया की सभी नियमित उड़ानें सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
जिन मार्गों पर एयर इंडिया की सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित हैं, उनके यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी बुकिंग को भविष्य की तारीख के लिए बदलने या पूर्ण रिफंड लेने की सुविधा प्रदान की गई है।
एयर इंडिया के यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी बुकिंग में बदलाव या रद्द करने के अनुरोध एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर करें। अधिक जानकारी के लिए 24×7 ग्राहक सहायता हॉटलाइन +91 1169329333 या +91 1169329999 पर संपर्क करें।
यूएई से यात्रा करते समय एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों को विशेष राहत दी गई है। वे बिना अतिरिक्त शुल्क के, यूएई से भारत के किसी भी गंतव्य के लिए संचालित होने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की अतिरिक्त वाणिज्यिक उड़ानों में अपनी उड़ान आसानी से बदल सकते हैं।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस प्रभावित यात्रियों से सक्रिय रूप से संपर्क कर रही हैं। एयरलाइंस ने अनुरोध किया है कि यात्रियों के पास एयरलाइन के साथ पंजीकृत मोबाइल नंबर को अपडेटेड और सक्रिय रखें, ताकि महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर पहुँच सकें।