बादशाह ने 'टटीरी' विवाद के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग से मांगी माफी, 50 बच्चियों की शिक्षा का किया प्रस्ताव
सारांश
Key Takeaways
- बादशाह ने 'टटीरी' विवाद के लिए माफी मांगी।
- महिला आयोग ने गाने के बोल को विवादास्पद बताया।
- बादशाह ने 50 लड़कियों की शिक्षा का प्रस्ताव रखा।
- आयोग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने की सलाह दी।
- बादशाह महिला सशक्तीकरण पर सकारात्मक गीत पेश करने का वादा किया।
नई दिल्ली, 7 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। प्रसिद्ध रैपर और गायक बादशाह ने मंगलवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष जाकर अपने विवादास्पद गाने 'टटीरी' के लिए लिखित माफी मांगी। यह सुनवाई आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में हुई। बादशाह के साथ गाने के निर्देशक जोबन संधू, महावीर सिंह और निर्माता हितेन भी उपस्थित थे। आयोग ने कहा कि गाने के बोल और प्रस्तुतिकरण महिलाओं की गरिमा और शालीनता के खिलाफ थे।
सुनवाई के दौरान विजया रहाटकर ने कहा कि इस प्रकार की प्रस्तुतियाँ समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश फैलाती हैं। उन्होंने गायक, निर्माता और निर्देशक सभी को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद सभी संबंधित पक्षों ने आयोग के समक्ष बिना शर्त लिखित माफी मांगी और समाज में हुए नुकसान के लिए खेद प्रकट किया।
बादशाह ने आयोग में अपनी माफी के साथ यह भी आश्वासन दिया कि वह भविष्य में महिलाओं और समाज के उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले चार महीनों में वह महिला सशक्तीकरण पर एक सकारात्मक गीत प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने वादा किया कि वे भविष्य में किसी भी विवादास्पद गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।
बादशाह ने आयोग के समक्ष आर्थिक रूप से कमजोर 50 लड़कियों की शिक्षा हेतु एक प्रस्ताव भी रखा है। इसके लिए वे राशि जुटाने में सहयोग करेंगे।
पिछले महीने, मार्च में, बादशाह ने 'टटीरी' गाना रिलीज किया था। गाने के बोल में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग और गाने में स्कूल यूनिफॉर्म में छात्राओं को दिखाने पर लोगों ने आपत्ति जताई। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने गाने को लेकर बादशाह को समन जारी किया और इसके बाद राज्य पुलिस ने सोशल मीडिया से गाने से जुड़े 857 लिंक हटवाए। इनमें 154 वीडियो और 703 शॉर्ट वीडियो शामिल थे।
गाने के विवादित होने के बाद, बादशाह ने 7 मार्च को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उनका इरादा कभी भी किसी महिला या बच्ची के प्रति गलत संदेश देने का नहीं था।