गुमला में दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, ब्वॉयफ्रेंड की साजिश में दो गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- गुमला में सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने सभी को झकझोर दिया है।
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- एक युवती ने बहादुरी से भागकर अपने परिजनों को सूचना दी।
- तीसरे आरोपी की पहचान हो चुकी है, गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।
- यह घटना सुरक्षा के मुद्दों पर गंभीर सवाल उठाती है।
गुमला, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र में दो युवतियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की एक गंभीर घटना घटित हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।
पीड़िताओं में से एक युवती को उसके ब्वॉयफ्रेंड ने रविवार को घूमने के बहाने गुमला बुलाया था। वह अपनी एक सहेली के साथ वहां पहुंची। युवती के ब्वॉयफ्रेंड ने अपने एक साथी को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों लड़कियों को आरोपियों ने सिसई थाना क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बीयर पिलाई और उनके साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान एक युवती भाग निकलने में सफल रही और उसने पास के एक खेत में छिपकर अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। वहीं, दूसरी युवती आरोपियों के चंगुल में फंसी रही।
बताया गया है कि बाद में आरोपियों ने अपने एक साथी को बुलाया और तीनों ने मिलकर दूसरी युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों युवतियां किसी तरह जान बचाकर रविवार रात को सदर थाना पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और दो आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में से एक डुमरडीह पंचायत और दूसरा असनी नकटीटोली का निवासी है।
गुमला पुलिस ने बताया कि इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।