सोने और चांदी में सीमित दायरे में कारोबार: कीमतों में मामूली बदलाव
सारांश
Key Takeaways
- सोने की कीमत 1,58,399 रुपये प्रति 10 ग्राम हुई।
- चांदी की कीमत 2,60,488 रुपये प्रति किलो हुई।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमतें गिरी।
- डॉलर की मजबूती का सोने और चांदी पर असर।
- 24 कैरेट सोने का उच्चतम स्तर 1,60,303 रुपये रहा।
नई दिल्ली, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इस हफ्ते सोने और चांदी का कारोबार सीमित दायरे में हुआ है, जिससे कीमतों में मामूली कमी देखने को मिली है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत इस हफ्ते 352 रुपये घटकर 1,58,399 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जबकि पहले यह 1,58,751 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
समीक्षा अवधि में 22 कैरेट सोने की कीमत 1,45,416 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,45,093 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने की कीमत भी 1,18,799 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुँच गई है, जो पहले 1,19,063 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी मामूली गिरावट देखी गई है। यह एक हफ्ते में 235 रुपये घटकर 2,60,488 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि पहले यह 2,60,723 रुपये प्रति किलो थी।
हाजिर बाजार में 24 कैरेट सोने ने 12 मार्च को 1,60,303 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ। वहीं, न्यूनतम स्तर 13 मार्च को 1,58,399 रुपये प्रति 10 ग्राम का रहा।
चांदी ने 10 मार्च को 2,70,944 रुपये प्रति किलो का उच्चतम स्तर देखा, जबकि न्यूनतम स्तर 9 मार्च को 2,60,056 रुपये प्रति किलो का रहा।
इस हफ्ते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली है। सोने और चांदी का दाम क्रमशः 5,061.70 डॉलर प्रति औंस और 81.343 डॉलर प्रति औंस रहा, जो कि एक हफ्ते पहले क्रमश: 5,158.70 डॉलर प्रति औंस और 84.311 डॉलर प्रति औंस था।
सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी का कारण अमेरिकी डॉलर की मजबूती मानी जा रही है। डॉलर इंडेक्स इस हफ्ते 100 के पार निकलकर 100.360 पर बंद हुआ है, जो पिछले पांच महीनों का डॉलर का सबसे उच्चतम स्तर है।