कॉकटेल 2 का नया गाना 'जब तलक' लाया वेकेशन की मस्ती, 'तुम ही हो बंधु' की याद दिलाता है
सारांश
Key Takeaways
- गाना 'जब तलक' दर्शकों को गर्मियों की छुट्टियों की याद दिलाएगा।
- शाहिद कपूर और कृति सेनन का डांस शानदार है।
- गाने का संगीत प्रीतम चक्रवर्ती ने दिया है।
- फिल्म 19 जून को रिलीज होने वाली है।
- कृति सेनन का लुक काफी बोल्ड है।
मुंबई, 8 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'कॉकटेल 2' रिलीज़ से पहले ही चर्चा में है।
हाल ही में फिल्म का पहला लुक जारी किया गया था, लेकिन अब इसका पहला गाना 'जब तलक' भी सामने आ चुका है। यह वेकेशन सॉन्ग है, जिसमें शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन की गहरी दोस्ती और मौज-मस्ती का प्रदर्शन हो रहा है।
19 जून को रिलीज होने वाली 'कॉकटेल 2' का यह नया गाना इस गर्मी की छुट्टियों का एंथम बन सकता है, क्योंकि इसकी वाइब मस्ती और सुकून दोनों से भरी है। 'जब तलक' गाने से वेकेशन में पूरे मस्ती के मूड को बनाए रखना आसान है। इस गाने में समंदर के किनारे, शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन को दोस्ती, प्यार और पागलपंती भरे डांस करते हुए दिखाया गया है। गाने की बीट इतनी आकर्षक है कि इसे सुनकर खुद को रोक पाना मुश्किल हो जाता है।
इस गाने को अरिजीत सिंह और अकासा सिंह ने गाया है, जबकि इसके लिरिक्स अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और संगीत प्रीतम चक्रवर्ती ने दिया है। यह गाना 'कॉकटेल' के 'तुम ही हो बंधु' की वाइब को देता है, लेकिन उसकी तुलना में यह काफी हल्का लगता है। गाने में शाहिद कपूर ने अपनी डांसिंग स्किल्स का प्रदर्शन किया है, जबकि कृति और रश्मिका भी बीट पर शानदार स्टेप्स करती हुई दिखाई दे रही हैं। कुल मिलाकर, गाना वेकेशन मोड को पूरी तरह ऑन करता है।
फिल्म में कृति सेनन का लुक काफी बोल्ड है, और यह उनकी पहली फिल्म है जिसमें वह स्विमसूट में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री का लुक दीपिका पादुकोण के पहले वाले लुक की तरह दिखने की कोशिश कर रहा है, हालांकि उम्मीद है कि इस फिल्म की कहानी 'कॉकटेल' से अलग होगी। वहीं, रश्मिका मंदाना के किरदार को क्यूट और खूबसूरत तरीके से पेश किया गया है, जो काफी भोली-भाली नजर आती हैं।
फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और अभी तक इसका ट्रेलर जारी नहीं किया गया है, हालांकि फिल्म की कुछ झलकियां पोस्टर रिलीज से पहले लीक हो चुकी हैं।