संजय कपूर की नई सीरीज 'संकल्प' का ट्रेलर हुआ जारी, दर्शकों में उत्साह
सारांश
Key Takeaways
- संकल्प एक सोशियो-पॉलिटिकल थ्रिलर है।
- ट्रेलर जारी किया गया है, दर्शकों में उत्साह है।
- मुख्य भूमिकाओं में संजय कपूर और नाना पाटेकर हैं।
- 11 मार्च से एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी।
- प्रकाश झा ने इसे निर्देशित किया है।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। अभिनेता संजय कपूर की नई सोशियो-पॉलिटिकल थ्रिलर वेब सीरीज 'संकल्प' ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने के लिए तैयार है। निर्माता ने गुरुवार को इसका ट्रेलर जारी किया, जिसे देखकर प्रशंसक बेहद उत्साहित हैं।
यह सीरीज अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी। संजय कपूर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस वेब सीरीज का ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, "गुरु ने सिखाया, शिष्य ने अपनाया। अब संकल्प अपनी कीमत मांगेगा।"
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता प्रकाश झा, जिन्होंने 'आश्रम', 'राजनीति' और 'गंगाजल' जैसे हिट प्रोजेक्ट्स दिए हैं, अपने दर्शकों के लिए एक नया राजनीतिक ड्रामा 'संकल्प' लेकर आ रहे हैं। यह सीरीज पावर, बदला, आइडियोलॉजी की लड़ाई, भ्रष्टाचार और ब्यूरोक्रेसी के खेल को उजागर करती है।
2 मिनट 2 सेकंड का ट्रेलर काफी इंटेंस और शानदार है। इसमें बिहार की राजनीति में बदले की भावना, गुरु-शिष्य का रिश्ता और सत्ता की लड़ाई को बखूबी दर्शाया गया है। यह सीरीज सत्ता के संघर्ष, राजनीतिक दांव-पेंच और नौकरशाही के इर्द-गिर्द घूमती है।
इस वेब सीरीज में नाना पाटेकर ने 'मास्टर साहब' का किरदार निभाया है, जो एक कमांडिंग मास्टर स्ट्रैटेजिस्ट हैं। वे अपना स्कूल चलाते हैं, जहां लड़कियों को पढ़ाते हैं और युवाओं को यूपीएससी की तैयारी करवाते हैं। वहीं, संजय कपूर एक राजनीतिक नेता की भूमिका में हैं, जबकि नीरज काबी उनके आइडियोलॉजिकल विरोधी के रूप में दिखाई देंगे। दोनों के बीच की तनातनी आने वाले पावर स्ट्रगल की ओर इशारा करती है।
मोहम्मद जीशान अय्यूब एक वफादार शिष्य की भूमिका निभा रहे हैं, जो गुरु 'मास्टर साहब' के प्रति इतनी गहरी निष्ठा रखते हैं कि यह वफादारी से कहीं ज्यादा गहरी लगती है। कुबरा सैत और क्रांति प्रकाश झा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
प्रकाश झा द्वारा निर्देशित इस सीरीज को जियो स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है। इसमें नाना पाटेकर, संजय कपूर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, और नीरज काबी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सीरीज 11 मार्च से एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी।