क्या शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का प्रोमो जारी हो गया है, और रिलीज डेट क्या है?
सारांश
Key Takeaways
- फिल्म 'किंग' का प्रोमो जारी हो चुका है।
- रिलीज डेट: 24 दिसंबर 2026.
- अभिनेताओं में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन शामिल हैं।
- निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है।
- फिल्म रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले बन रही है।
मुंबई, 24 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान के प्रशंसक उनकी फिल्म 'किंग' का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म हो चुका है। शनिवार को निर्माताओं ने 'किंग' की रिलीज डेट के साथ इसका प्रोमो भी जारी किया।
अभिनेता शाहरुख खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का प्रोमो साझा किया है। उन्होंने लिखा, 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में धूम मचाने के लिए तैयार है।' इस घोषणा के बाद प्रशंसक काफी उत्साहित हो गए हैं।
प्रोमो में शाहरुख खान जबरदस्त एक्शन अवतार में नज़र आ रहे हैं। वे पूरी तरह से 'बैक इन किंग' मोड में दिखाई दे रहे हैं। प्रोमो में खून-खराबे और हाई-वोल्टेज एक्शन से भरे दृश्य हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने का वादा करते हैं। एक ख़ास संवाद में शाहरुख कहते हैं, 'डर नहीं, दहशत हूं।' यह लाइन सुनते ही प्रशंसकों में जोश भर गया।
फिल्म को सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले 'पठान' में भी शाहरुख खान के साथ काम कर चुके हैं और बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच चुके हैं।
यह फिल्म शाहरुख खान की एक और मास एंटरटेनर होने की उम्मीद जगा रही है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि इस फिल्म में सुहाना भी दिखाई दे सकती हैं। हालाँकि, प्रोमो में उनकी कोई झलक नहीं मिली।
माना जा रहा है कि फिल्म 'किंग' में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन मुख्य भूमिका में नज़र आएंगे। साथ में जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत, अनिल कपूर, सौरभ शुक्ला, अरशद वारसी और राघव जुयाल भी अहम किरदारों में नज़र आएंगे।
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले 'किंग' के जरिए दीपिका, शाहरुख और सिद्धार्थ आनंद की तिगड़ी फिल्म 'पठान' के बाद फिर से एक्शन में वापसी कर रही है। अब देखना होगा कि यह तिगड़ी फिर से सिनेमाघरों में क्या कमाल दिखाएगी।
इससे पहले अभिनेता शाहरुख अपने बेटे और निर्देशक आर्यन खान की सीरीज 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में दिखाई दिए थे। हालाँकि, सीरीज में शाहरुख का कैमियो रोल था।