सोमी अली की कोशिश: खोए हुए अभिनेता राज किरण को तलाशने की अपील
सारांश
Key Takeaways
- सोमी अली ने राज किरण की तलाश में मदद की अपील की है।
- राज किरण की फिल्म 'अर्थ' उनके लिए महत्वपूर्ण है।
- सोमी अली ने अटलांटा में राज किरण को देखने की बात कही।
- राज किरण एक समय के सफल अभिनेता रहे हैं।
- उनकी गुमशुदगी एक संवेदनशील मुद्दा है।
मुंबई, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड की दुनिया में कई ऐसे कलाकार हुए हैं जिन्होंने एक समय में अद्भुत पहचान बनाई, लेकिन बाद में वे अचानक से गुमनामी में चले गए। अभिनेता राज किरण की कहानी भी ऐसी ही है, जिनका आज तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। इस बीच, अभिनेत्री सोमी अली उन्हें खोजने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पुरानी यादों को ताजा करते हुए एक पोस्ट साझा की और लोगों से मदद की गुहार लगाई है।
सोमी अली ने पोस्ट के माध्यम से राज किरण के साथ शूटिंग के दिनों को याद किया और कहा कि उनकी फिल्म 'अर्थ' उनके दिल के बेहद करीब है एवं वह आज भी इसे अपनी पसंदीदा फिल्मों में गिनती हैं।
उन्होंने लिखा, "राज किरण जी आप कहां हैं... आपकी फिल्म 'अर्थ' हमेशा से मेरी पसंदीदा रही है। उन दिनों की हंसी, अपनापन और साथ बिताए पल मेरे दिल में एक खजाने की तरह सुरक्षित हैं।"
सोमी ने अपनी पोस्ट में आखिरी फिल्म 'अग्निचक्र' का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने राज किरण के साथ काम किया था। उन्होंने कहा, "फिल्म 'अग्निचक्र' की शूटिंग के दौरान बने रिश्ते और यादें आज भी मुझे जोड़कर रखती हैं। मेरा मन बार-बार उन पलों में लौट जाना चाहता है।"
सोमी अली ने आगे कहा, "मुझे जानकारी मिली थी कि राज किरण को आखिरी बार अटलांटा में देखा गया था। इसी उम्मीद में मैं कई बार वहां जा चुकी हूं कि शायद कोई सुराग मिल सके। हालांकि, इतनी कोशिशों के बावजूद मुझे अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। मैं सभी से निवेदन करती हूं कि यदि किसी को उनके बारे में कुछ भी पता हो तो मुझे जरूर बताएं।"
उन्होंने कहा, "कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन्हें फिर से जोड़ना बेहद जरूरी होता है। प्यार और उम्मीद के साथ... सोमी अली"
राज किरण के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने 'कर्ज', 'तेरी मेहरबानियां', 'घर हो तो ऐसा' और 'बुलंदी' जैसी फिल्मों में काम करके अपनी एक अलग पहचान बनाई। वह विशेष रूप से रोमांटिक हीरो के रूप में दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए थे लेकिन धीरे-धीरे वह साइड हीरो के रूप में टाइपकास्ट होने लगे।
समय के साथ उनके करियर में गिरावट आई और निजी जीवन में भी कई समस्याएं सामने आईं। खबरों के अनुसार, वह मानसिक तनाव से जूझने लगे थे और पारिवारिक समस्याओं ने भी उन्हें प्रभावित किया। कहा जाता है कि उन्हें मुंबई के बायकुला मानसिक आश्रय में भी भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्होंने सब कुछ छोड़कर विदेश जाने का फैसला किया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद वह अचानक गायब हो गए और फिर कभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।