शांगहाई में विदेशी निवेश और अनुसंधान केंद्रों की वृद्धि
सारांश
मुख्य बातें
बीजिंग, 20 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। शांगहाई वाणिज्य आयोग द्वारा प्रदान की गई जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष फरवरी के अंत तक शांगहाई में बहुराष्ट्रीय कंपनियों के क्षेत्रीय मुख्यालयों की संख्या 1084 और विदेशी पूंजी के अनुसंधान एवं विकास केंद्रों की संख्या 647 तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा, वर्ष 2025 के दौरान शांगहाई में विदेशी पूंजी द्वारा संचालित 6300 से अधिक नए उद्यम स्थापित किए जाएंगे।
अमेरिकी बायो-फार्मा कंपनी एबीबीवीआईई की क्षेत्रीय प्रमुख तुंग लीचुन ने मीडिया को बताया कि चीन न केवल कंपनी के लिए वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण बाजार है, बल्कि यह उनकी नवाचार-आधारित रणनीति का केंद्रीय इंजन भी बन गया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में अधिकांश महत्वपूर्ण व्यावसायिक निर्णय शांगहाई में लिए जाएंगे, जिससे कंपनी की प्रतिक्रिया चीनी बाजार के प्रति और अधिक तेज हो जाएगी और स्थानीय मांग को बेहतर समझा जा सकेगा।
इसी प्रकार, रेकिट कंपनी के बृहद चीन क्षेत्र के प्रमुख छन चुन ने कहा कि एशिया में कंपनी का सबसे बड़ा अनुसंधान एवं विकास केंद्र शांगहाई में स्थापित किया जा रहा है, जिसमें 30 करोड़ युआन का निवेश किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य चीनी उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता और नवाचार-आधारित सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने यह भी बताया कि चीन कंपनी के सबसे बड़े बाजारों में से एक है और भविष्य में यहां व्यवसाय का विस्तार जारी रहेगा।
शांगहाई प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुलापन बढ़ाने, व्यावसायिक वातावरण में सुधार करने और विदेशी निवेश के लिए मजबूत समर्थन देने का संकल्प लिया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)