अनुपम खेर ने गणपति बप्पा के समक्ष सुनाई नाटक की स्क्रिप्ट, मांगा आशीर्वाद
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता अनुपम खेर अब फिल्मों के साथ-साथ थिएटर में भी बहुत सक्रिय हो गए हैं और नए नाटकों पर काम कर रहे हैं।
उनका हालिया हिंदी म्यूजिकल नाटक जाने पहचाने अनजाने दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। हालांकि, अब ऐसा लग रहा है कि वे एक नए नाटक की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन उससे पहले गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे।
अनुपम खेर ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी, और अब अपनी उम्र के इस पड़ाव पर दोबारा थिएटर में सक्रिय हो गए हैं। अभिनेता जाने पहचाने अनजाने, 'कुछ भी हो सकता है' और अन्य नाटकों पर काम कर रहे हैं। लेकिन अब, वे अपने नाटक की स्क्रिप्ट लेकर सिद्धिविनायक मंदिर गए, जहां उन्होंने बप्पा के सामने स्क्रिप्ट की कुछ लाइनों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें लिखा, "नाटक के मंचन के दिन मैं और स्वरूप सम्पत नाटक की स्क्रिप्ट लेकर सिद्धिविनायक मंदिर गए और दिल की गहराई से प्रार्थना की! नाटक की सफलता के लिए, हमारी और आपकी सुख, शांति और समृद्धि के लिए! गणपति बप्पा मोरियाँ! मंगलमूर्ति मोरया!"
इससे पहले, उन्होंने नाटक जाने पहचाने अनजाने की झलकियाँ साझा की थीं, जिसमें वे शो की ऑडियंस के साथ तालमेल बना रहे थे। दिलचस्प बात यह है कि इस नाटक का नाम किरण खेर ने सुझाया था। इतना ही नहीं, शाहरुख खान और काजोल की सुपरहिट फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे का नाम भी किरण खेर ने ही दिया था।
नाटक जाने पहचाने अनजाने एक हिंदी म्यूजिकल शो है, जिसका संगीत अनु मलिक ने दिया है और गाने शान, सुखविंदर सिंह और आनंदी जोशी ने मिलकर गाए हैं। गानों के लिरिक्स कौसर मुनीर ने लिखे हैं। नाटक के प्रारंभ से पहले, अनुपम खेर ने संगीत के दिग्गज कलाकारों के साथ मिलकर इसका संगीत तैयार किया था और आगामी शो की जानकारी भी साझा की थी। यह नाटक आज के समय के उन रिश्तों की कहानी प्रस्तुत करता है, जो दिखने में तो अपने जैसे लगते हैं लेकिन असल में बिल्कुल अजनबी की तरह होते हैं।