झारखंड में युवक की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन, सड़क जाम और डीजे विवाद में हिंसा
सारांश
Key Takeaways
- गिरिडीह में युवक की हत्या पर स्थानीय लोगों का प्रदर्शन
- डीजे विवाद ने लिया हिंसक रूप
- मंत्री ने परिजनों को न्याय का आश्वासन दिया
- पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की
- घायलों का इलाज चल रहा है
गिरिडीह, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के गिरिडीह नगर में एक युवक की हत्या के विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित नागरिकों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार में हटिया गेट के पास मृतक के परिवारवालों और स्थानीय निवासियों ने सड़क पर उतरकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
इस बीच, सड़क जाम की खबर सुनकर राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का आश्वासन दिया और प्रशासन को दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
मंत्री और अधिकारियों के समझाने पर बाद में जाम समाप्त हुआ। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार के रविदास मोहल्ले में हुई, जहां गुरुवार रात होली के जश्न के दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान 30 वर्षीय अजय कुमार दास की चाकू से हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहल्ले में होली के मौके पर डीजे बज रहा था, और लोग जश्न में मग्न थे। इसी दरम्यान कुछ बच्चों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ते देखकर अजय कुमार दास अपने दोस्तों के साथ वहाँ पहुंचे और स्थिति को शांत करने की कोशिश की। इसी बीच मोहल्ले का निवासी रवि दास अपने कुछ साथियों के साथ वहाँ आया।
आरोप है कि उसने और उसके साथियों ने चाकू और उस्तरे से हमला किया। हमले में अजय कुमार दास समेत चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने अजय कुमार दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजेश दास, परदूम दास और प्रेम दास का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी रवि दास और मृतक अजय कुमार दास के बीच पारिवारिक संबंध हैं और दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर तनाव भी मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।