एनएचपीसी में 182 अप्रेंटिस पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया आज से शुरू, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
सारांश
मुख्य बातें
चंडीगढ़, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारत सरकार की प्रमुख 'नवरत्न' कंपनी, नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचपीसी), ने उन युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है जो अपने करियर को एक नई दिशा देना चाहते हैं। एनएचपीसी ने विभिन्न क्षेत्रों में अप्रेंटिस के कुल 182 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है।
इन 182 पदों में ग्रेजुएट अप्रेंटिस ट्रेड के लिए 24, डिप्लोमा अप्रेंटिस ट्रेड के लिए 41 और आईटीआई अप्रेंटिस ट्रेड के लिए 117 पद शामिल हैं।
यह भर्ती प्रक्रिया आज, 15 अप्रैल, सुबह 11 बजे से ऑनलाइन शुरू हो गई है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 मई निर्धारित की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार एनएचपीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि से पहले, उन्हें आवेदन प्रक्रिया को पूरा करना होगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई/डिप्लोमा/ग्रेजुएशन या मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही अन्य निर्धारित पात्रता मानदंडों का पालन भी आवश्यक है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन की तिथि के अनुसार आयु की गणना की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जिसमें शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शामिल हैं। चयनित कैंडिडेट्स को पद के अनुसार प्रति माह 12,000 से 15,000 रुपए का स्टाइपेंड दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन देने के लिए, उम्मीदवार पहले एनएटीएस या एनएपीएस की आधिकारिक पोर्टल पर जाएं। वहां रजिस्ट्रेशन करने के बाद, एनएचपीसी की वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाकर करियर सेक्शन में जाएं और 'प्रशिक्षु नियुक्ति अभी आवेदन करें' पर क्लिक करें। सभी आवश्यक जानकारी भरें और दस्तावेज़ को अपलोड करें। अंत में, आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें।