क्या पालघर फार्मा कंपनी में गैस रिसाव से 4 मजदूरों की मौत हुई?
सारांश
मुख्य बातें
पालघर, 21 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोईसर तारापुर एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित मेडली फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड कंपनी में गुरुवार को एक बड़ी दुर्घटना हुई। कंपनी के प्लांट नंबर एफ-13 में हुई गैस रिसाव की वजह से 4 मजदूरों की मौत हो गई और 2 की हालत गंभीर है।
यह हादसा दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुआ, जब नाइट्रोजन रिएक्शन टैंक में गैस रिसाव हो गया। अचानक हुए गैस रिसाव से कामकाजी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और वे बाहर की ओर भागने लगे। 6 मजदूर गैस की चपेट में आ गए, जिससे वे बेहोश हो गए।
घायलों को त्वरित चिकित्सा के लिए बोईसर के शिंदे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि इस दुर्घटना में दम घुटने से चार मजदूरों की जान गई।
मृतकों में कल्पेश राउत, बंगाली ठाकुर, धीरज प्रजापति और कमलेश यादव शामिल हैं, जबकि रोहन शिंदे और निलेश हाडल गंभीर रूप से घायल हैं। यह भी बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, कंपनी की फायर फाइटिंग टीम ने गैस रिसाव को काबू में कर लिया है।
इससे पहले, कर्नाटक के मंगलुरु जिले के सूरतकल में स्थित मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) में भी जहरीली गैस के रिसाव से 2 कर्मचारियों की मौत हो गई थी। यह हादसा एमआरपीएल के ऑयल मूवमेंट सेक्शन (ओएमएस) में हुआ था। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के दीप चंद्र भारती और केरल के बिजली प्रसाद के रूप में हुई थी। यह घटना ओएमएस डिवीजन के टैंक (एफआईबीआई7029) में खराबी की जांच के दौरान हुई थी।