एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप: प्रीति, प्रिया और अरुंधति ने किया फाइनल में प्रवेश
सारांश
मुख्य बातें
उलानबटार, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारत की मुक्केबाज प्रीति पंवार ने सोमवार को एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के 54 किलोग्राम एलीट महिला वर्ग के फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। उन्होंने सेमीफाइनल में कोरिया की पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता एजी इम को हराया। भारतीय महिला टीम की प्रिया और अरुंधति चौधरी ने भी अपने-अपने सेमीफाइनल प्रतिद्वंद्वियों को आसानी से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया है।
महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में विश्व बॉक्सिंग कप की स्वर्ण पदक विजेता प्रीति ने एक शांत और सटीक प्रदर्शन किया। उन्होंने इम के खिलाफ तीनों राउंड में दबदबा बनाते हुए 5-0 से जीत हासिल की। अब उनके सामने चीनी ताइपे की हुआंग शियाओ-वेन का मुकाबला होगा, जो तीन बार की विश्व चैंपियन (2019, 2023, 2025) और टोक्यो 2020 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता हैं।
महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में प्रिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए नामून मोंखोर को 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना उत्तर कोरिया की उन ग्योंग वोन से होगा। महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग में अंकुशिता बोरो को चीनी ताइपे की निएन-चिन चेन (पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता) के हाथों 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। पहले राउंड के बाद बिजली आपूर्ति में आई समस्या के कारण यह मुकाबला बाधित हो गया था, जिसके बाद अंकों के आधार पर परिणाम घोषित किया गया।
अरुंधति ने महिलाओं के 70 किलोग्राम वर्ग में सेमीफाइनल में ओयशा तोइरोवा पर 4-1 से जीत हासिल कर सभी को प्रभावित किया। उन्होंने अपने खेल पर पूरा नियंत्रण और संयम दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई। अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना कजाकिस्तान की बकित सेइडिश से होगा।
इस बीच, महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में निकहत जरीन को चीन की वू यू के हाथों 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। वू यू मौजूदा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं और इस वर्ग की सबसे प्रभावशाली मुक्केबाजों में से एक मानी जाती हैं। महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में लवलीना बोरगोहेन को उज्बेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। अजीजा 70 किलोग्राम वर्ग में वर्ल्ड चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता हैं और अपने आक्रामक अंदाज और दमदार इंटरनेशनल रिकॉर्ड के लिए जानी जाती हैं।
महिलाओं के 80 किलोग्राम वर्ग में पूजा रानी कजाकिस्तान की नादेजदा र्याबेट्स से 0-5 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। नादेजदा 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता और एक अनुभवी खिलाड़ी हैं। भारत की चार महिला बॉक्सिंग खिलाड़ी फाइनल में पहुंच चुकी हैं। वहीं, 7 अप्रैल को महिलाओं के 48 किलोग्राम और 57 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।