यूरोपा लीग: एस्टन विला, पोर्टो और मिडट्जिलैंड ने राउंड ऑफ 16 के पहले लेग में मजबूत बढ़त बनाई
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 13 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। यूईएफए यूरोपा लीग के राउंड ऑफ 16 के पहले लेग के मुकाबलों में बेहद दिलचस्प नतीजे सामने आए हैं। ओली वाटकिंस के शानदार हेडर की बदौलत एस्टन विला ने फ्रांस की लिली ओएससी को 1-0 से मात देकर महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। इसके अलावा, एफसी पोर्टो और एफसी मिडट्जिलैंड ने भी अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज करके अगले चरण की ओर मजबूती से कदम बढ़ाए।
फ्रांस के स्टेड पियरे-मौरॉय में हुए इस मुकाबले में एस्टन विला और लिली के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई अवसर बनाए, लेकिन स्कोर नहीं कर पाए। दूसरे हाफ में 61वें मिनट में ओली वाटकिंस ने हेडर के माध्यम से गोल दागकर विला को बढ़त दिलाई।
इस मैच में विला के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने लिली के कई खतरनाक हमलों को विफल किया और टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस जीत के साथ एस्टन विला ने फ्रांस में अपने सातवें प्रयास में पहली बार जीत दर्ज की।
यह मुकाबला विला के प्रबंधक उनाई एमरी के लिए भी खास रहा, क्योंकि यह उनके क्लब के साथ 100वीं जीत थी। वह सबसे तेज गति से 100 जीत हासिल करने वाले प्रबंधक बन गए हैं।
वहीं, दो बार के चैंपियन पोर्टो ने जर्मनी की टीम वीएफबी स्टटगार्ट के खिलाफ पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन किया। मैच के शुरूआती सात मिनट में ही दो गोल कर पोर्टो ने मजबूत बढ़त बना ली।
पोर्टो की ओर से टेरेम मोफी के दमदार शॉट और रोड्रिगो मोरा के शानदार फिनिश ने टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, स्टटगार्ट ने वापसी की कोशिश की और हाफ टाइम से ठीक पहले डेनिज उंडाव की हाफ-वॉली से अंतर कम कर दिया।
डेनमार्क की टीम मिड्टजीलैंड ने इंग्लैंड के नॉटिंघम फारेस्ट को 1-0 से हराकर सबको चौंका दिया। मैच के 80वें मिनट में सब्सटीट्यूट चो गुए-सुंग ने लूपिंग हेडर से निर्णायक गोल किया।