तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी की उम्मीद, आईपीएल 2026 में छाप छोड़ना चाहते हैं
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 16 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2022 के नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने दिल्ली के एक तेज गेंदबाज पर दांव लगाया। 20 लाख के बेस प्राइस पर मयंक यादव लखनऊ में शामिल हुए। वर्ष 2022 और 2023 में मयंक को अपनी रफ्तार दिखाने का मौका नहीं मिला, लेकिन एलएसजी में उन्हें एक ऐसे तेज गेंदबाज के रूप में तैयार किया जा रहा था, जो बल्लेबाजों के लिए बड़ी समस्या बन सकते थे।
आईपीएल 2024 में मयंक को पहली बार खेलने का मौका मिला और उनकी रफ्तार ने सभी टीमों और बड़े बल्लेबाजों को चौंका दिया। 2 अप्रैल 2024 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मैच में मयंक ने एक गेंद 156.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी, जो उस सीजन की सबसे तेज गेंद थी। आईपीएल 2024 में मयंक ने 4 मुकाबले खेले और 7 विकेट लिए। इन 4 मैचों में ही मयंक ने इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। लेकिन चोट ने उनकी लय को बिगाड़ दिया और मयंक आईपीएल 2024 से बाहर हो गए।
आईपीएल 2025 में भी मयंक की कहानी कुछ अलग नहीं रही। इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मयंक ने केवल 2 मैच खेले और बैक इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उनकी गेंदबाजी में रफ्तार और धार दोनों देखने को मिली, लेकिन वह दो सीजन में खुद को इंजरी से दूर नहीं रख सके। अब तक मयंक ने आईपीएल में कुल 6 मुकाबले खेले हैं और 9 विकेट निकाले हैं। हालांकि, इंजरी ने उनकी लय को बिगाड़ दिया है। आईपीएल 2024 में मयंक की गेंदबाजी की इकोनॉमी 6.98 थी, जबकि आईपीएल 2025 में यह सीधे 12.50 पर पहुंच गई।
दो सीजन इंजरी से जूझने के बाद, मयंक यादव आईपीएल 2026 में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर मयंक का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उनकी गेंदबाजी की वही रफ्तार और दमखम दिखाई दे रहा है, जिसके लिए वह प्रसिद्ध हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में मयंक के पास एक बार फिर जोरदार वापसी करने का सुनहरा अवसर होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम, जो लंबे समय से मयंक पर भरोसा कर रही है, इस सीजन उनके दमदार प्रदर्शन की उम्मीद लगाएगी। हालांकि, मयंक के लिए यह अत्यंत आवश्यक होगा कि वह इस सीजन इंजरी से बचकर रहें।