ग्लेन फिलिप्स का नया अवतार: क्रिकेटर ने पायलट बनकर फैंस को किया हैरान
सारांश
मुख्य बातें
ऑकलैंड, 18 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स को उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी, बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी, और अचंभित करने वाली फील्डिंग के लिए जाना जाता है। लेकिन, फिलिप्स केवल मैदान पर ही नहीं, बल्कि आसमान में भी अद्भुत प्रदर्शन कर सकते हैं। मंगलवार को ऑकलैंड के आकाश में उन्होंने एक ऐसा काम किया, जिससे क्रिकेट फैंस हैरान रह गए।
ग्लेन फिलिप्स ने मंगलवार को ऑकलैंड के आर्डमोर एयरोड्रोम पर एक लाइट एयरक्राफ्ट को सफलतापूर्वक लैंड कराकर अपनी पायलट क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इस अद्भुत पल का वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया।
फिलिप्स ने खुलासा किया कि वह कमर्शियल पायलट का लाइसेंस लेने की प्रक्रिया में हैं और इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने आर्डमोर फ्लाइंग स्कूल में स्टूडेंट्स और इंस्ट्रक्टर्स के साथ बातचीत की।
फिलिप्स ने कहा, "यह मेरा बड़ा पैशन है। अगर मैं क्रिकेट नहीं खेल रहा होता और मेरे पास दुनिया भर का पैसा होता, तो शायद मैं पायलट बन जाता। मुझे हवा में रहना बहुत पसंद है। पहाड़ों में जाकर अपने शौक पूरे करना और पायलट बनना मेरी प्राथमिकता है।"
दाएं हाथ से बल्लेबाजी के साथ-साथ बाएं हाथ से बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग में भी सक्षम फिलिप्स का एयरक्राफ्ट के कॉकपिट में हाथ आजमाना उनकी जिंदगी के विभिन्न पहलुओं को दर्शाता है, और यह बताता है कि शायद ऐसा कुछ नहीं है जो फिलिप्स न कर सकें।
ग्लेन फिलिप्स जल्द ही आईपीएल 2026 में नजर आएंगे। वह इस लीग में गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। फिलिप्स को उनकी क्षमता के अनुसार आईपीएल में पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी सीजन में जीटी उन्हें किस प्रकार इस्तेमाल करती है।
फिलिप्स के अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की बात करें तो 29 वर्षीय इस खिलाड़ी ने न्यूजीलैंड के लिए 97 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 85 पारियों में 2 शतक और 12 अर्धशतक लगाते हुए 142.69 की स्ट्राइक रेट से 2,286 रन बनाए हैं और 9 विकेट भी लिए हैं।