क्या जो रूट ने सिडनी में शतक के साथ रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली?
सारांश
मुख्य बातें
सिडनी, 5 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट शतकों की संख्या में ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। रूट ने एशेज सीरीज के पांचवे मैच की पहली पारी में 160 रन की शानदार पारी खेली, जो उनका 41वां टेस्ट शतक है।
2026 कैलेंडर वर्ष में पहला अंतरराष्ट्रीय शतक बनाते हुए, रूट अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शतकों के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुँच गए हैं। यह ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रूट का दूसरा शतक है।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक शतकों की सूची में सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने 200 मुकाबलों में 329 पारियों में 51 शतक बनाए हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के जैक कैलिस ने 166 टेस्ट मैचों में 45 शतक अपने नाम किए हैं।
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 384 रन बनाए। बेन डकेट ने जैक क्रॉली के साथ पहले विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। डकेट ने 24 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि क्रॉली ने 16 रन जोड़े।
इंग्लैंड ने 57 के स्कोर पर अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से जो रूट ने हैरी ब्रूक के साथ तीसरे विकेट के लिए 169 रन जोड़ते हुए टीम को 226 के स्कोर तक पहुँचाया। हैरी ब्रूक ने 84 रन का योगदान दिया।
जो रूट ने जेमी स्मिथ (46) के साथ 94 रन, और विल जैक्स (27) के साथ 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 384 के स्कोर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रूट ने इस पारी में 242 गेंदों का सामना किया, जिसमें 15 चौके शामिल थे।
विपक्षी टीम के लिए माइकल नेसेर ने 4 विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड ने 1-1 विकेट निकाला।
ऑस्ट्रेलियाई टीम 5 मैचों की सीरीज में 3-1 से बढ़त बनाए हुए है। ऐसे में इंग्लैंड इस मैच को जीतकर हार के अंतर को कम करना चाहेगा।