आईपीएल 2026: जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में 300 कैच पूरे कर एक नई उपलब्धि हासिल की
सारांश
मुख्य बातें
अहमदाबाद, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना गुजरात टाइटंस (जीटी) से हो रहा है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में जोस बटलर ने एक विशेष उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 300 कैच पूरे कर लिए हैं।
जोस बटलर टी20 क्रिकेट में 300 कैच लेने वाले चौथे खिलाड़ी और दूसरे विकेटकीपर बने हैं। क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट में सबसे अधिक कैच लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड के नाम है, जिन्होंने 405 कैच पकड़े हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर डेविड मिलर (332 कैच) और तीसरे स्थान पर क्विंटन डी कॉक (316 कैच) हैं। बटलर ने केकेआर की पारी के दौरान रबाडा की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी का कैच पकड़कर यह खास उपलब्धि हासिल की।
आईपीएल 2026 में बटलर का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। वह गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए 4 पारियों में 158 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस दौरान दो अर्धशतक भी बनाए हैं। हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में, बटलर ने 37 गेंदों में 60 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके शामिल थे। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 में उनका प्रदर्शन कमजोर रहा, जहां उन्होंने 8 पारियों में केवल 87 रन बनाए।
इस मैच के लिए गुजरात टाइटंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, केकेआर ने फिन एलन की जगह टिम सीफर्ट को अंतिम एकादश में शामिल किया है। जीटी ने अब तक आईपीएल 2026 में 4 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 2 में जीत और 2 में हार का सामना करना पड़ा है।