क्या इंटरनल ब्लीडिंग के चलते श्रेयस अय्यर आईसीयू में भर्ती हैं?
सारांश
मुख्य बातें
सिडनी, 27 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर को आईसीयू में भर्ती किया गया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान बाईं पसली में चोट आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अय्यर की जांच में इंटरनल ब्लीडिंग की पुष्टि हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस 31 वर्षीय खिलाड़ी को भारत लौटने के लिए फिट घोषित होने से पहले कम से कम एक हफ्ते तक सिडनी के अस्पताल में रहना होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंटरनल ब्लीडिंग के चलते संक्रमण फैलने से रोकने के लिए अय्यर को 2 से 7 दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।
एक सूत्र ने कहा, "अय्यर का आकलन करने के बाद विशेषज्ञों ने जो बताया है, उसके अनुसार उन्हें आईसीयू में कुछ और दिन या शायद एक हफ्ते तक कड़ी निगरानी में रहना पड़ सकता है। उनके परिवार को भी इस स्थिति के बारे में जानकारी दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर परिवार के सदस्य सिडनी पहुंचकर उनका हालचाल पूछ सकते हैं।"
25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलियाई पारी के 34वें ओवर की चौथी गेंद पर एलेक्स कैरी का कैच लपकने के प्रयास में अय्यर जमीन पर गिर पड़े थे। इसके बाद उन्हें दर्द के चलते मैदान छोड़ना पड़ा था।
जब अय्यर ड्रेसिंग रूम लौटे, तो उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्टों से पता चला है कि उन्हें इंटरनल ब्लीडिंग हुई है, जिसके कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा।
सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले को 9 विकेट से जीतकर भारत ने सीरीज का अंत 1-2 के साथ किया। टीम इंडिया ने सीरीज के पहले दो मुकाबले हारने के बाद यह मैच सम्मान बचाने के लिए महत्वपूर्ण था। रोहित शर्मा (नाबाद 121) और विराट कोहली (नाबाद 74) की शानदार साझेदारी के दम पर भारत ने 237 रन के लक्ष्य को महज 38.3 ओवरों में हासिल कर लिया।