आकाश चोपड़ा ने कोहली-रोहित की बल्लेबाजी को बताया फरारी चलाने जैसा
सारांश
Key Takeaways
- आकाश चोपड़ा ने कोहली-रोहित की बल्लेबाजी को फरारी से जोड़ा।
- 2024 से इनकी बल्लेबाजी में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।
- अनिल कुंबले ने दिग्वेश राठी के स्पिन गेंदबाजी कौशल पर चर्चा की।
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी से बेहद प्रभावित हैं। आकाश का मानना है कि कोहली और रोहित की बल्लेबाजी को देखकर ऐसा महसूस होता है जैसे वे फरारी चला रहे हैं।
कोहली और रोहित ने वर्ष 2024 के बाद से अपनी बल्लेबाजी तकनीक में बड़े बदलाव किए हैं। विशेष रूप से टी20 क्रिकेट में, ये दोनों दिग्गज बल्लेबाज अधिक आक्रामक तरीके से खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
आकाश चोपड़ा ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, "देखिए, दोनों ने अपने खेल में कैसे बदलाव किया है। 2020 से 2023 तक, कोहली और रोहित का स्ट्राइक रेट आईपीएल में क्रमशः 126 और 127 था, जो कि थोड़ा धीमा था। लेकिन 2024 से दोनों ने पूरी तरह से अपनी शैली बदल दी है। अब वे 152 के स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे ये दोनों अब फरारी चला रहे हैं।"
इस बीच, भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने बताया कि उभरते हुए स्पिनर दिग्वेश राठी को बल्लेबाजों के लिए समझना क्यों चुनौतीपूर्ण हो गया है, विशेषकर उनकी कलाई और उंगलियों की पोजिशन में हल्के बदलाव के कारण।
उन्होंने कहा, "बल्लेबाज से दूर जाने वाली लेग-स्पिन गेंद और गुगली में ज्यादा अंतर नहीं होता, इसलिए इसे समझना आसान नहीं है। गेंद पर उनकी पकड़ लगभग वैसी ही रहती है, अंगूठा साइड में, तर्जनी (इंडेक्स) सीम के ऊपर और बीच की उंगली मुड़ी हुई होती है। वह बस अपनी अंदर की ओर मुड़ने वाली गेंद पर अपनी तर्जनी को थोड़ा अलग तरीके से रखते हैं, जो कि गुगली होती है, लेकिन इसे पहचानना भी आसान नहीं है। उनकी गति भी बहुत अच्छी है, इसलिए अगर आप सही लेंथ नहीं चुनते हैं, तो आउट होने का चांस बढ़ जाता है।"
इस महान लेग-स्पिनर ने स्पिन कौशल को सुधारने की कोशिश कर रहे युवा गेंदबाजों को भी सलाह दी। उन्होंने कहा, "आप रबर बॉल या टेनिस बॉल से गेंद को स्पिन करने की प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं, क्योंकि कैरम बॉल फेंकने के लिए आपको गेंद को थोड़ा दबाना होता है। इसी कारण यदि आप वहीं से शुरू करते हैं, तो पहले टर्न पाने पर ध्यान दें, और फिर जितना संभव हो सके उतना गेंद को नियंत्रण में रखने पर ध्यान दें। इसके बाद जब आप क्रिकेट बॉल की तरफ जाते हैं, तो आप इस कौशल को सही तरीके से कर सकते हैं, क्योंकि यह महत्वपूर्ण है कि गेंद को मजबूती से पकड़ना सीखें और अपनी उंगलियों को इतना मजबूत बनाएं कि आप उसे स्पिन कर सकें और फिर उसे परफेक्ट करने की कोशिश करें।