बीटीएससी ने लेबोरेटरी असिस्टेंट के 1,091 पदों पर भर्ती की घोषणा, आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू
सारांश
Key Takeaways
- बीटीएससी ने 1,091 लेबोरेटरी असिस्टेंट पदों पर भर्ती की है।
- आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल से शुरू होगी।
- आवेदन की अंतिम तिथि 6 मई है।
- उपयुक्त योग्यता और अनुभव आवश्यक है।
- रजिस्ट्रेशन शुल्क 100 रुपए है।
पटना, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) ने लेबोरेटरी असिस्टेंट के लिए कुल 1,091 पदों पर बंपर भर्ती की घोषणा की है।
बीटीएससी द्वारा जारी की गई अधिसूचना में शामिल पदों में लेबोरेटरी असिस्टेंट (ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग/मैकेनिक डीजल) के 4, लेबोरेटरी असिस्टेंट (टेक्सटाइल इंजीनियरिंग) के 20, लेबोरेटरी असिस्टेंट (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग), लेबोरेटरी असिस्टेंट (सिविल इंजीनियरिंग/ग्रामीण इंजीनियरिंग) और लेबोरेटरी असिस्टेंट (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) के 166-166, लेबोरेटरी असिस्टेंट (इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग) के 146, लेबोरेटरी असिस्टेंट (केमिकल इंजीनियरिंग), लेबोरेटरी असिस्टेंट (प्रिंटिंग इंजीनियरिंग) और लेबोरेटरी असिस्टेंट (सिरेमिक इंजीनियरिंग) के 2-2, लेबोरेटरी असिस्टेंट (कंप्यूटर विज्ञान इंजीनियरिंग और सूचना प्रौद्योगिकी) के 252, लेबोरेटरी असिस्टेंट (विज्ञान) के 164 और लेबोरेटरी असिस्टेंट (कृषि एवं मशीनरी) के 1 पद शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल से ऑनलाइन मोड में शुरू होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 6 मई निर्धारित की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आवेदन लिंक सक्रिय होने पर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूर्ण कर सकते हैं।
आवेदन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय से संबंधित विज्ञान विषय के साथ इंटरमीडिएट (10+2) पास होना आवश्यक है, साथ ही विशिष्ट पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग विषय में प्रासंगिक डिप्लोमा/डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पुरुषों के लिए 37 वर्ष तथा महिलाओं के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, मेरिट लिस्ट, मेडिकल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जैसे चरणों के आधार पर किया जाएगा। भर्ती, योग्यता, सैलरी आदि से संबंधित विस्तृत जानकारी बीटीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द ही उपलब्ध होगी।
आवेदन करते समय सभी वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपए आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जिसके बाद ही उनका रजिस्ट्रेशन स्वीकार किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार को सबसे पहले बीटीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन करें। फिर सभी आवश्यक जानकारियों को फॉर्म में भरें। मांगे गए सभी दस्तावेजों को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें। अंत में, आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट निकालना न भूलें।