दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति सुरक्षित, उपभोक्ता न हों चिंतित: सीएम रेखा गुप्ता
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों को यकीन दिलाया कि दिल्ली में घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह से स्थिर और पर्याप्त है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी या किसी अन्य ईंधन की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने आम जनता से अनुरोध किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या घबराहट से दूर रहें और संयम बनाए रखें।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 3 अप्रैल को दिल्ली में कुल 1,11,504 एलपीजी बुकिंग हुईं, जबकि तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने मिलकर 1,26,379 सिलेंडरों की डिलीवरी की, जो कि बुकिंग से कहीं अधिक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे यह साबित होता है कि लंबित बैकलॉग को तेजी से समाप्त किया जा रहा है और आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन प्रयासों के चलते वर्तमान में दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की औसत डिलीवरी समय 4.37 दिन हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर और विश्वसनीय तरीके से गैस सिलेंडर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने एक कंट्रोल रूम (011-23379836 और 8383824659) स्थापित किया है, जो लगातार निगरानी कर रहा है और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर रहा है। विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर कई मामलों को दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को भेजा गया, जिससे पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर 22 छापेमारी की।
इस कार्रवाई के दौरान रोहिणी जिले के नॉर्थ रोहिणी थाना क्षेत्र में एक एफआईआर दर्ज की गई, जहां अवैध रूप से जमा किए गए 6 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि के प्रति पूरी तरह सतर्क है और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि एलपीजी की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे और किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने दिल्लीएलपीजी गोदामों पर भीड़ न लगाएं। एक बार सिलेंडर बुक करने के बाद वह निर्धारित समय पर उपभोक्ता के घर पहुंचा दिया जाएगा। वितरण केंद्रों पर जाने की कोई आवश्यकता नहीं है और ऐसा करना अनावश्यक असुविधा का कारण बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार निर्बाध एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने, घबराहट से बचने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।