दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर अफवाहें निराधार, सरकार ने कहा- स्थिति सामान्य है
सारांश
Key Takeaways
- दिल्ली में एलपीजी आपूर्ति सामान्य है।
- कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
- विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
- सिलेंडरों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।
- समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध हैं।
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर संकट की अफवाहों के बीच, सरकार ने स्थिति को पूर्णतः सामान्य बताते हुए कहा कि सब कुछ नियंत्रण में है।
दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी की, जिसमें स्पष्ट किया गया कि राजधानी में कहीं भी एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सरकार ने यह भी बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।
सरकार ने आगे बताया कि इस कार्रवाई के तहत शनिवार को दिल्ली के 22 विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई और एक एफआईआर भी दर्ज की गई है। सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। एलपीजी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और सिलेंडरों की समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अलावा, नागरिकों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए लोग 011-23379836 और 8383824659 पर संपर्क कर सकते हैं।
दिल्ली सीएमओ ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति पूर्णतः स्थिर है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके तहत आज 22 स्थानों पर छापेमारी की गई है और एक एफआईआर दर्ज की गई है। निगरानी लगातार जारी है। जनता से अनुरोध है कि घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 011-23379836 और 8383824659 पर संपर्क किया जा सकता है।"