आईपीएल 2026: केकेआर ने टॉस में जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया, पंजाब किंग्स में 2 महत्वपूर्ण बदलाव
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सोमवार को ईडन गार्डन्स में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का विकल्प चुना है। जहां केकेआर इस मैच को जीतकर अपनी पहली जीत की तलाश में है, वहीं दूसरी ओर पीबीकेएस का लक्ष्य जीत की हैट्रिक लगाना है।
केकेआर ने इस मैच में दो बदलाव किए हैं। मेज़बान टीम ने वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की जगह रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी को शामिल किया है, जबकि पंजाब किंग्स में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है।
टॉस जीतने के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। विकेट अच्छा लग रहा है, थोड़ा सूखा है, लेकिन यह बहुत बढ़िया विकेट है और इस पर घास भी थोड़ी कम है। हमारी टीम में दो बदलाव मजबूरी में किए गए हैं। पिछले मैच में कैच लेते समय वरुण चक्रवर्ती चोटिल हो गए थे और सुनील नरेन भी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी टीम में शामिल हुए हैं।"
दूसरी ओर, टॉस हारने के बाद श्रेयस ने कहा कि वे वैसे भी गेंदबाजी का चुनाव करते, इसलिए रहाणे का निर्णय उनके लिए सकारात्मक है। अय्यर ने बताया कि टीम के मेंटॉर रिकी पोंटिंग के साथ उनकी केमिस्ट्री तब और भी बेहतर हो गई जब वे दोनों दिल्ली कैपिटल्स में थे। पोंटिंग को एक प्रेरणास्त्रोत मानते हुए अय्यर ने कहा कि उनके साथ काम करना एक अद्भुत अनुभव है।
केकेआर ने इस सीजन में अपना पहला मैच मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ खेला, जिसमें उन्हें 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 65 रन से हार मिली। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ अपना पहला मैच 3 विकेट से जीता। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की।
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी।