आईपीएल 2026: केकेआर को पहली जीत के लिए आरआर को हराने की आवश्यकता, जानें हेड-टू-हेड आंकड़े
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) अब तक एक भी जीत नहीं हासिल कर सकी है। रविवार को अपने घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को हराकर पहली जीत का प्रयास करना होगा, जो इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही है।
केकेआर ने अब तक इस सीजन में 6 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे केकेआर को 1 अंक मिला।
सीजन में केकेआर हर विभाग में, जैसे कि बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और कप्तानी में कमजोर नजर आई है। जब बल्लेबाज रन बनाते हैं, तो गेंदबाज कमजोर पड़ जाते हैं। सही खिलाड़ियों का चयन और उन्हें सही क्रम पर बल्लेबाजी या गेंदबाजी करना भी केकेआर के लिए चुनौती बन गया है। कप्तान रहाणे की ओपनिंग पोजिशन को छोड़कर किसी भी खिलाड़ी का बल्लेबाजी क्रम निश्चित नहीं है, जिसका नुकसान केकेआर को उठाना पड़ रहा है।
इस सीजन में कोई भी बल्लेबाज या गेंदबाज केकेआर के लिए निरंतरता से प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है। हर हार के साथ केकेआर की प्लेऑफ में जगह बनाने की संभावनाएं घटती जा रही हैं। ऐसे में आरआर के खिलाफ जीत के लिए केकेआर को सही प्लेइंग इलेवन और बेहतर रणनीति के साथ मैदान में उतरना होगा।
आरआर की टीम इस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है, 5 मैचों में 4 जीत के साथ उसके 8 अंक हैं और वह अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। आरआर ने सभी विभागों में मजबूत प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, और ध्रुव जुरेल ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, और रवि बिश्नोई ने धारदार गेंदबाजी की है। इन 6 खिलाड़ियों ने टीम को मजबूती प्रदान की है।
आरआर को 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। केकेआर के खिलाफ टीम फिर से जीत की लय प्राप्त करने को तैयार है।
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। हालांकि, पिच से स्पिनरों और तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है, फिर भी केकेआर-आरआर के मैच में रनों की बारिश हो सकती है।
कोलकाता में रविवार दोपहर को बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम उमस भरा रहेगा और तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच रहेगा।
केकेआर और आरआर के बीच अब तक 32 मैच खेले जा चुके हैं। केकेआर ने 16 और आरआर ने 14 मैच जीते हैं, जबकि 2 मैचों का परिणाम नहीं आया है।