कटिहार में सड़क दुर्घटना से 10 की मौत, तेजस्वी यादव ने जताया शोक और आर्थिक सहायता की मांग
सारांश
Key Takeaways
- कटिहार में सड़क दुर्घटना में १० मौतें हुईं।
- तेजस्वी यादव ने शोक जताया और आर्थिक सहायता की मांग की।
- घायलों को बेहतर उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।
- पुलिस ने राहत कार्य में तेजी दिखाई।
- घटना ने सड़क सुरक्षा के मुद्दों को उजागर किया।
कटिहार, ११ अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक यात्री बस और पिकअप वैन के बीच हुई भीषण टक्कर में १० लोगों की मौत हो गई। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि कटिहार में बस और पिकअप के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना की जानकारी अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में १० लोगों के असामयिक निधन से मेरा मन अत्यंत व्यथित है।
उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और पीड़ित परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि शासन-प्रशासन पीड़ित परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता प्रदान करे तथा घायलों के बेहतर उपचार का प्रबंध जल्द से जल्द करें। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गेड़ाबाड़ी की है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-३१ के बसगाड़ा चौक बकरी फार्म के पास हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर लौट रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी। इस आमने-सामने की टक्कर में १० लोगों की मौत हो गई। कटिहार पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि आज शनिवार को कटिहार जिले के थाना कोढ़ा क्षेत्र अंतर्गत गेड़ाबाड़ी के समीप एक बस एवं पिकअप वाहन के बीच भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें अब तक १० व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। दुर्घटना में घायल लगभग २५ व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
पुलिस का दावा है कि घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रण में है और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू किया जा रहा है। सभी शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। घटना के तुरंत बाद पुलिस पहुंच गई और राहत और बचाव कार्य में जुट गई।