क्या लुधियाना विधानसभा उपचुनाव बड़ी मार्जिन से जीतेंगे : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष?
सारांश
मुख्य बातें
चंडीगढ़, 16 जून (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने यह दावा किया है कि लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर पार्टी का उम्मीदवार बड़ी मार्जिन से चुनाव जीतने में सफल होगा। हम इस सीट पर एकतरफा चुनाव जीतने के लिए तैयार हैं।
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने उम्मीदवार के समर्थन में लगातार चुनावी सभाएं कर रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, लुधियाना पश्चिम सीट पर 19 जून को मतदान होगा।
उपचुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में दूर-दूर तक कोई टक्कर नहीं है। हम आसानी से चुनाव जीत जाएंगे।
कांग्रेस में शामिल हुए अकाली दल के नेताओं पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह जाहिर है कि इससे अकाली दल कमजोर होगा और कांग्रेस को पंजाब में मजबूती मिलेगी।
'वन नेशन, वन इलेक्शन' के मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मीटिंग में हमने कहा था कि यह सरकार की तानाशाही है। हमें रोडमैप बताएं कि वे क्या करना चाहते हैं। कौन-कौन से चुनाव कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा, "सरकार का कहना है कि 'वन नेशन, वन इलेक्शन' से देश का पैसा बचेगा। अगर सरकार का उद्देश्य पैसा बचाना है तो फिर प्रधानमंत्री के विमान के लिए लगभग 9,000 करोड़ रुपये खर्च करने की क्या आवश्यकता थी?"
उन्होंने कहा कि पंजाब में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में है जबकि अगला लोकसभा चुनाव 2029 में होना है। सरकार बताए कि 2029 के लोकसभा चुनाव में क्या बदलाव किया जाएगा। अगर उपचुनाव की स्थिति बनी रहे तो उसके लिए क्या व्यवस्था है। 'वन नेशन, वन इलेक्शन' लोकतंत्र के खिलाफ है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र के अनुसार चुने गए व्यक्ति को पांच साल तक रहना चाहिए। अगर बीच में चुनाव हुए तो चुने गए प्रतिनिधियों का क्या होगा? जिला परिषद के चुनाव का क्या होगा? ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब मौजूदा सांसदों के पास भी नहीं है। सरकार को इस विषय पर आम जनता से राय लेनी चाहिए।