झारखंड: पलामू में पुलिस ने 24 घंटे में मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी फैज खान को पकड़ा
सारांश
Key Takeaways
- फैज खान को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया।
- पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है।
- मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
- पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।
- घायल अपराधी का इलाज जारी है।
मेदिनीनगर, 3 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के पलामू ज़िले में शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक गंभीर मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान घायल हो गया। पुलिस की आत्मरक्षक कार्रवाई में फैज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से उसके एक अन्य साथी को भी पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई गुरुवार रात शताब्दी मार्केट में हुए मोहम्मद समीर उर्फ गुड्डू खलीफा हत्या के जवाब में की गई है।
गुड्डू खलीफा झामुमो नेता हत्या का मुख्य गवाह था, जिसकी फैज खान गिरोह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पलामू पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था।
पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि फैज खान अपने साथियों के साथ पांकी और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती पहाड़ी और जंगली इलाकों में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर, जब पुलिस की विशेष टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, तो खुद को घिरा हुआ देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी फैज खान के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर घायल फैज खान और उसके एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
मौके से हथियार और कारतूस बरामद होने की भी सूचना है। पलामू एसपी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। शहर के बीचों-बीच हुई हत्या के महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को जिला पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।