शरद केलकर ने सफल होने के राज़ साझा किए, मेहनत और किस्मत का खेल
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। जी टीवी पर प्रसारित धारावाहिक 'तुम से तुम तक' की सफलता से अभिनेता शरद केलकर बेहद उत्साहित हैं। इस दौरान उन्होंने अपने प्रशंसकों को अपनी सफलता का राज भी साझा किया।
शरद केलकर ने बताया कि वह हमेशा कड़ी मेहनत करते हैं और अपनी कला के प्रति ईमानदार रहते हैं। यह जानकारी उन्होंने जी टीवी के एक विशेष कार्यक्रम में दी, जो 8 मार्च को प्रसारित होगा। जी कुटुंब नॉमिनेशन पार्टी रविवार को देखने को मिलेगी, जहां जी कुटुंब के सभी सदस्य एक साथ नजर आएंगे। इस इवेंट में मजेदार गतिविधियाँ, रोमांचक खेल और विभिन्न धारावाहिकों के कलाकारों की बेहतरीन डांस परफॉर्मेंस भी शामिल होगी।
'तुम से तुम तक' में शरद का किरदार 'आर्या' दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है, जिसमें निहारिका चौकसे भी मुख्य भूमिका में हैं। इवेंट के प्रोमो में होस्ट जय सोनी, शरद केलकर को स्टेज पर बुलाकर उन्हें 'टीआरपी किंग' का खिताब देते हैं। उन्होंने कहा कि बहुत कम कलाकार ऐसे हैं, जो 20 साल पहले टीआरपी चार्ट पर राज करते थे और आज भी कर रहे हैं।
शरद ने 2005 में जी टीवी के शो 'सात फेरे: सलोनी का सफर' से अपने करियर की शुरुआत की थी, जो उस समय का टॉप रेटेड शो था। अब 2025-26 में 'तुम से तुम तक' में उनका किरदार फिर से चार्ट्स पर छाया हुआ है और शो लगातार हाई टीआरपी प्राप्त कर रहा है। शरद ने इस सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह सब जी टीवी की वजह से है। 20 साल पहले उन्होंने मुझे ‘सात फेरे’ में मौका दिया था और आज फिर ‘तुम से तुम तक’ जैसे खूबसूरत शो में भरोसा किया। 'टीआरपी किंग' कहलाने पर मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि एक कलाकार के रूप में मैं कड़ी मेहनत करता हूं, अपनी कला के प्रति सच्चा रहता हूं और पूरी डेडिकेशन से काम करता हूं। बाकी सब किस्मत का खेल है।”
जी टीवी के शो में अनु-आर्या के रोमांटिक डांस के साथ ही जी कुटुंब के लीड्स मजेदार खेलों में हिस्सा लेते नजर आएंगे।