शरद केलकर ने साझा किया 'कुटुंब' का गहन अर्थ, बताया यह मानवता को जोड़ने वाला संबंध है
सारांश
Key Takeaways
मुंबई, 11 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारत में 'कुटुंब', जिसे हम परिवार के रूप में जानते हैं, की भावना बहुत गहरी और मजबूत है। इसे मनाने के लिए टीवी जगत के कई प्रसिद्ध चेहरे 'जी कुटुंब पुरस्कार 2026' के मंच पर उपस्थित हुए। इस विशेष अवसर पर अभिनेता शरद केलकर ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और भारतीय समाज की मजबूती, परिवारों की एकता और लोगों के जज्बे पर खुलकर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान शरद केलकर ने कहा, ''भारतीय समाज में परिवार और रिश्तों का एक महत्वपूर्ण स्थान होता है। अक्सर हमें यह समझ नहीं आता कि परिवार, दोस्त और अपने लोग हमारे जीवन में कितने आवश्यक हैं। ये रिश्ते हमें कठिन समय में सहारा देते हैं और हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''कुटुंब का अर्थ केवल एक परिवार नहीं है, बल्कि हर वह रिश्ता है जो हमें एक-दूसरे से जोड़ता है और हमें इंसान होने का अहसास कराता है।''
शरद ने यह भी कहा, ''देश के हर हिस्से में लोगों के अंदर आगे बढ़ने की चाह होती है। चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, भारतीय लोग उम्मीद और मेहनत के सहारे अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करते हैं। यही जज्बा भारत को खास बनाता है और यही कारण है कि लोग चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ते रहते हैं।''
शरद केलकर वर्तमान में टीवी शो 'तुम से तुम तक' में आर्या के किरदार में नजर आ रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर खुशी होती है जो रिश्तों और भावनाओं की कहानियों को उजागर करता है।
कार्यक्रम में टीवी इंडस्ट्री के कई अन्य लोकप्रिय कलाकार भी शामिल हुए, जिनमें निहारिका चौकसे, प्रिया ठाकुर, अभिषेक शर्मा, शीजान खान, अमनदीप सिद्धू, जयति भाटिया, मोहक मटकर, शगुन पांडे, राजेंद्र चावला, भरत अहलावत, आयुषी खुराना, अनीता हसनंदानी और क्रिस्टल डिसूजा जैसे कई सितारे शामिल थे।