सनी देओल ने 'जाट-2' की घोषणा की, फैंस में खुशी की लहर
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 10 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। सनी देओल ने अपनी नई फिल्म का ऐलान किया है, जो 'गबरू' और 'लाहौर-1947' के बाद आएगी। अभिनेता ने फिल्म 'जाट' के एक साल पूरे होने पर 'जाट' का दूसरा भाग बनाने की घोषणा की है और फिल्म के निर्माताओं और अपने सह-कलाकारों का दिल से धन्यवाद किया है।
सनी देओल की नई फिल्म की घोषणा के बाद उनके फैंस में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'जाट' की कुछ झलकियां साझा की हैं, जिसमें वे हाथ में बंदूक लिए एक्शन करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में रणदीप हुड्डा की भी झलक देखने को मिल रही है। अभिनेता ने फिल्म 'जाट' की शूटिंग के दौरान खूब मस्ती की थी और वे उस मस्ती को 'जाट-2' के माध्यम से फिर से जीना चाहते हैं।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, "जाट की रिलीज़ को एक साल हो गया और ये एक शानदार सफर रहा! फिल्म की शूटिंग के दौरान जो मस्ती और एक्शन हुआ, वो आज भी याद है। सेट पर हर दिन ऊर्जा और जोश से भरा रहता था। सच में ये सबसे सुखद अनुभवों में से एक था।"
उन्होंने आगे लिखा, "गोपीचंद मलिनेनी को उनके दृष्टिकोण और इस दुनिया को इतनी प्रभावी तरीके से जीवंत करने के लिए धन्यवाद। रणदीप हुड्डा और विनीत कुमार सिंह को भी शुभकामनाएं। आपके साथ स्क्रीन शेयर करना बहुत अच्छा लगा। लगता है अब हमें फिर से कमर कसने का समय आ गया है। 'जाट-2' जल्द आ रहा है।"
अभिनेता के इस कैप्शन से यह संकेत मिलता है कि फिल्म से जुड़ी पहली झलक भी जल्द ही सामने आ सकती है।
गौरतलब है कि 'जाट' 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसके कुछ महीने बाद इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज किया गया। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। एक्शन से भरी इस फिल्म में रणदीप हुड्डा ने खलनायक राणातुंगा की भूमिका निभाई थी, जबकि सनी देओल ने खलनायक के गुंडाराज को खत्म करने के लिए एंट्री की थी।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना बजट निकालने में सफल रही, लेकिन कोई बड़ी कमाई नहीं कर पाई। फिल्म का बजट 100 करोड़ रुपये था और इसने 120-140 करोड़ के बीच कलेक्शन किया।