क्या यूपी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया?
सारांश
मुख्य बातें
आगरा, 14 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो मुंबई में अभिनय करते-करते ड्रग्स स्मगलिंग में शामिल हो गया था। पुलिस पिछले एक साल से उसकी तलाश कर रही थी।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान छेड़ रखा है। इसी क्रम में, उत्तर प्रदेश एएनटीएफ लखनऊ के मार्गदर्शन में आगरा यूनिट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना न्यू आगरा, जनपद आगरा में लगभग एक वर्ष से वांछित चल रहे अभियुक्त मानसिंह को मरीना एन्क्लेव बिल्डिंग, मालवानी, मुंबई से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी 11 दिसंबर को मुंबई के मालवानी इलाके से हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुंबई से आगरा लाया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि वह फिल्मों में काम करने के लिए मुंबई गया था और वहां एक व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने उसे मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के लिए बहकाया।
अभियुक्त ने बताया कि वह मूल रूप से राजौरी गार्डन, दिल्ली का निवासी है। 2008 में वह मुंबई आया और फिल्मी दुनिया में कदम रखने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसने कई फिल्मों और वेब सीरीज में छोटे-छोटे रोल किए।
उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने उसे मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त कर दिया। उसने अपने साथी के साथ मिलकर कई बार मादक पदार्थ एमडीएमए को आगरा के एक अन्य व्यक्ति तक पहुंचाया।
एएनटीएफ थाना झांसी के उपनिरीक्षक विनोद कुमार और मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार के साथ आरक्षी गजेंद्र सिंह मुंबई गए थे और आरोपी को गिरफ्तार कर आगरा लेकर आए।
उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), और अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध), लखनऊ के निर्देश और मार्गदर्शन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत फिल्मी करियर का सपना लेकर मुंबई गए व्यक्ति को मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।