सोने की कीमत में फिर से उछाल, 1.59 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है। इसके परिणामस्वरूप, सोने की कीमतें फिर से 1.59 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुँच गई हैं, वही चांदी का मूल्य 2.66 लाख रुपए प्रति किलो के ऊपर जा चुका है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत में 1,075 रुपए का इजाफा हुआ है, जिससे इसकी कीमत 1,59,097 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जबकि पहले यह 1,58,022 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
इसी तरह, 22 कैरेट सोने का मूल्य 985 रुपए बढ़कर 1,45,733 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो पहले 1,44,748 रुपए प्रति 10 ग्राम था। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,18,517 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,19,323 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुँच गई है।
चांदी की कीमतों में भी वृद्धि देखने को मिली है, चांदी का दाम 6,033 रुपए बढ़कर 2,66,700 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो पहले 2,60,667 रुपए प्रति किलो था।
वायदा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में उछाल नजर आ रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का मूल्य 0.45 प्रतिशत बढ़कर 1,60,435 रुपए और चांदी के 5 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का मूल्य 2.45 प्रतिशत बढ़कर 2,74,520 रुपए हो गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में वृद्धि हो रही है। जब यह खबर लिखी गई, तब सोने की कीमत 0.20 प्रतिशत बढ़कर 5,204 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 3.07 प्रतिशत बढ़कर 89.66 डॉलर प्रति औंस पर थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने और चांदी की कीमतों में यह तेजी ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में कोई ठोस प्रगति न होने के कारण हो रही है, जिससे निवेशक सुरक्षित संपत्तियों के रूप में सोने और चांदी में खरीदारी कर रहे हैं।