भारतीय शेयर बाजार वैश्विक संकेतों से मजबूत, आईटी स्टॉक्स में बढ़त
सारांश
Key Takeaways
- भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला है।
- आईटी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है।
- सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी आई है।
- विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी है।
- अमेरिकी फेड का निर्णय महत्वपूर्ण है।
मुंबई, 18 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार बुधवार को हरे निशान में खुला। सुबह 9:22 बजे सेंसेक्स 353.78 अंक या 0.47 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 76,424.62 पर और निफ्टी 112.70 अंक या 0.48 प्रतिशत के साथ 23,698 पर था।
शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों में बेहतर प्रदर्शन देखा जा रहा है। सूचकांकों में निफ्टी आईटी सबसे बड़ा गेनर रहा। इसके साथ ही ऑटो, मीडिया, इन्फ्रा, कंजप्शन, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, पीएसयू बैंक, डिफेंस, सर्विसेज, हेल्थकेयर, पीएसई, रियल्टी और फार्मा भी हरे निशान में रहे।
वहीं दूसरी ओर, मेटल और कमोडिटी सूचकांक को लाल निशान का सामना करना पड़ा।
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी आई है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 544 अंक या 0.99 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 55,718 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 555 अंक या 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55,729 पर देखा गया।
सेंसेक्स पैक में टीसीएस, इंडिगो, ट्रेंट, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, इटरनल, एमएंडएम, टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, बीईएल, बजाज फिनसर्व, एलएंडटी, मारुति सुजुकी और एबीआई गेनर्स रहे। जबकि एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक लूजर्स रहे।
बाजार में तेजी अमेरिकी फेड के निर्णय से पहले देखी जा रही है। ब्याज दरों को लेकर अमेरिकी फेड बुधवार को अपना निर्णय सुनाएगा। यह मीटिंग 17 मार्च को शुरू हुई थी और ईरान युद्ध के कारण इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे बाजार की आगे की चाल प्रभावित होगी।
ज्यादातर एशियाई बाजारों में भी तेजी देखी जा रही है। टोक्यो, बैंकॉक, सोल और जकार्ता हरे निशान में हैं, जबकि शंघाई और हांगकांग लाल निशान में हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को हरे निशान में बंद हुए थे।
हालाँकि, विदेशी निवेशकों द्वारा बिकवाली जारी है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,741.22 करोड़ रुपए की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,225.32 करोड़ रुपए का इक्विटी में निवेश किया।