भारतीय शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स ने 899 अंक की बढ़त दर्ज की
सारांश
Key Takeaways
- भारतीय शेयर बाजार ने हरे निशान में समापन किया।
- सेंसेक्स में 899 अंक की वृद्धि हुई।
- निवेशकों ने मेटल और सरकारी शेयरों में भारी खरीदारी की।
- इंडिया विक्स में गिरावट बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है।
- निफ्टी इंडिया डिफेंस शीर्ष गेनर रहा।
मुंबई, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में समापन किया। दिन के अंत में, सेंसेक्स में 899.71 अंक या 1.14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 80,015.90 और निफ्टी में 285.40 अंक या 1.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,765.90 पर बंद हुआ।
बाजार में यह तेजी डिफेंस शेयरों की वजह से आई है। सूचकांकों में, निफ्टी इंडिया डिफेंस शीर्ष गेनर रहा, जिसमें 2.55 प्रतिशत की तेजी देखी गई। इसके बाद निफ्टी मेटल (2.29 प्रतिशत), निफ्टी पीएसई (2.22 प्रतिशत), निफ्टी इन्फ्रा (2.21 प्रतिशत), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.10 प्रतिशत), निफ्टी कमोडिटीज (2.05 प्रतिशत) और निफ्टी एनर्जी (1.92 प्रतिशत) में भी बढ़त दर्ज की गई।
वहीं, निफ्टी आईटी इंडेक्स में 0.59 प्रतिशत की गिरावट आई।
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी जोरदार तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 867.40 अंक या 1.52 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 57,792.55 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 257.30 अंक या 1.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 16,538.80 पर था।
सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, एलएंडटी, एनटीपीसी, बीईएल, इंडिगो, एमएंडएम, पावर ग्रिड, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, ट्रेंट, एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल गेनर्स रहे। वहीं, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एचयूएल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इन्फोसिस, इटरनल, टीसीएस, आईटीसी और एक्सिस बैंक लूजर्स में शामिल रहे।
विश्लेषकों के अनुसार, शेयर बाजार में तेजी का मुख्य कारण निवेशकों की वैल्यू आधारित खरीदारी है। निवेशकों ने मेटल, सरकारी शेयर और इन्फ्रा से संबंधित शेयरों में भारी खरीदारी की है। इसके अलावा, वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख से घरेलू बाजार की भावना में सुधार हुआ है।
इसके साथ ही, इंडिया विक्स में गिरावट को भी बाजार में खरीदारी का कारण माना जा रहा है, जो कि 15.56 प्रतिशत गिरकर 17.85 पर बंद हुआ।
इंडिया विक्स बाजार में स्थिरता को दर्शाता है, जिसमें गिरावट को सकारात्मक संकेत माना जाता है।