30 साल बाद 'जेरी मैग्वायर' की वापसी, टॉम क्रूज ने जताई खुशी
सारांश
Key Takeaways
- 'जेरी मैग्वायर' 30 साल बाद फिर से सिनेमाघरों में आ रही है।
- टॉम क्रूज ने फिल्म के लिए अपनी खुशी व्यक्त की है।
- फिल्म की कहानी एक स्पोर्ट्स एजेंट की जिंदगी पर आधारित है।
- फिल्म के संवाद आज भी बेहद लोकप्रिय हैं।
- टॉम क्रूज ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है।
मुंबई, 9 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। हॉलीवुड की कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो समय के साथ अपनी चमक नहीं खोतीं, और हर पीढ़ी में नई सी लगती हैं। ऐसी ही एक फिल्म है 'जेरी मैग्वायर', जो अपनी रिलीज के तीन दशकों बाद भी दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान बनाए हुए है। अब यह फिल्म अपने 30 साल पूरे होने के अवसर पर फिर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। इस खास मौके पर फिल्म के प्रमुख अभिनेता टॉम क्रूज ने अपनी खुशी व्यक्त की।
टॉम क्रूज ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "अगले हफ्ते इसे फिर से दर्शकों के साथ थिएटर में देखने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं।"
इस फिल्म की विशेषता इसकी अद्भुत कहानी और संवाद हैं। 'यू हैड मी एट 'हेलो', 'यू कम्प्लीट मी' और 'शो मी द मनी' जैसे संवाद आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। फिल्म में क्यूबा गुडिंग जूनियर, रेनी जेल्वेगर, केली प्रेस्टन, जेरी ओ ओ'कॉनेल, जे. मोहर, बोनी हंट और रेजिना किंग जैसे दिग्गज कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म की कहानी एक स्पोर्ट्स एजेंट के जीवन पर आधारित है, जो अपने करियर और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है।
यदि टॉम क्रूज के करियर की बात करें, तो वह हॉलीवुड के सबसे प्रसिद्ध और सफल सितारों में से एक हैं। उन्होंने 1980 के दशक में 'रिस्की बिजनेस' और 'टॉप गन' जैसी फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई शानदार फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे एक्शन और ड्रामा दोनों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की।
आगे चलकर टॉम क्रूज ने 'रेन मैन', 'ए फ्यू गुड मेन' और 'मिशन: इम्पॉसिबल' जैसी हिट फिल्मों में शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि वह अपने स्टंट खुद करने के लिए भी जाने जाते हैं, जो उन्हें अन्य अभिनेताओं से अलग बनाता है।
इस बीच, टॉम क्रूज अपनी आगामी फिल्म 'डिगर' को लेकर भी चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एलेहांद्रो गोंसालेस इनयारिटू कर रहे हैं।