अजय देवगन: हर जॉनर में अद्वितीय, एक्शन से लेकर कॉमेडी और थ्रिलर में बेजोड़
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड में कई कलाकार आते हैं, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जो हर प्रकार के किरदार में अपनी प्रतिभा को साबित कर पाते हैं। अजय देवगन उन्हीं विशेष कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने अपने लंबे करियर में हर श्रेणी की फ़िल्मों में काम किया और हर बार दर्शकों का दिल जीता।
चाहे वह पुलिस अधिकारी का सख्त रूप हो, कॉमेडी में हल्का-फुल्का मजाक हो या फिर गंभीर और रहस्यमय किरदार, वह हर रूप में अद्भुत हैं। यही कारण है कि आज अजय देवगन को फिल्म उद्योग के सबसे सफल अभिनेताओं में से एक माना जाता है।
2 अप्रैल 1969 को दिल्ली में जन्मे अजय देवगन का असली नाम विशाल वीरू देवगन है। उनके पिता वीरू देवगन फ़िल्म उद्योग के प्रसिद्ध स्टंट डायरेक्टर थे, जिससे अजय को बचपन से ही फ़िल्मों का माहौल मिला। उन्होंने मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की और फिर फ़िल्मों की दुनिया में कदम रखा। 1991 में आई फ़िल्म 'फूल और कांटे' से उन्होंने बतौर हीरो अपनी शुरुआत की। इस फ़िल्म में उनकी एंट्री दो बाइकों पर खड़े होकर हुई, जो आज भी याद की जाती है।
अजय देवगन ने अपने करियर में एक्शन फ़िल्मों में खास पहचान बनाई। फ़िल्म 'सिंघम' में उन्होंने बाजीराव सिंघम का किरदार निभाया, जो एक ईमानदार पुलिस अधिकारी था। इस फ़िल्म में उनके डायलॉग और स्टाइल ने दर्शकों के दिलों में जगह बना ली। इसके अतिरिक्त, 'रेड' और 'तान्हाजी' जैसी फ़िल्मों में भी उनके दमदार एक्शन और गंभीर अभिनय ने दर्शकों को प्रभावित किया।
अजय ने कॉमेडी जॉनर में भी हाथ आजमाया और 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी में अपने मजेदार अंदाज से दर्शकों को हंसाया। उनकी कॉमिक टाइमिंग ने यह साबित कर दिया कि वह गंभीर भूमिकाओं के साथ-साथ हास्य में भी माहिर हैं।
थ्रिलर फ़िल्मों में भी अजय देवगन ने अपनी अलग पहचान बनाई है। 'दृश्यम 2' में उन्होंने एक साधारण आदमी का किरदार निभाया, जो अपने परिवार को बचाने के लिए हर मुश्किल से लड़ता है। इस फ़िल्म की रहस्यमय कहानी और अजय का शांत, लेकिन मजबूत अभिनय इसे और भी खास बनाता है। दर्शकों ने इस फ़िल्म को बहुत पसंद किया और यह बड़ी हिट साबित हुई।
अजय देवगन को उनके शानदार अभिनय के लिए कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं, जिनमें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार शामिल है। इसके अलावा, 2016 में उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से भी नवाजा गया।
आज अजय देवगन केवल एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक निर्माता और निर्देशक भी हैं। उन्होंने 100 से अधिक फ़िल्मों में काम किया है और हर बार कुछ नया पेश करने की कोशिश की है। उनकी सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि वह हर जॉनर में खुद को ढाल लेते हैं, चाहे वह एक्शन हो, कॉमेडी हो या थ्रिलर।