अजय देवगन: हर जॉनर में बेजोड़, एक्शन से हास्य और थ्रिलर तक के शानदार किरदार
सारांश
Key Takeaways
- अजय देवगन ने हर जॉनर में खुद को साबित किया है।
- उनका असली नाम विशाल वीरू देवगन है।
- फिल्म 'फूल और कांटे' से किया करियर की शुरुआत।
- अजय ने सिंघम जैसी सफल एक्शन फिल्में दी हैं।
- कॉमेडी में भी उनकी अदाकारी बेजोड़ है।
मुंबई, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड में कई कलाकार आते हैं, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जो हर प्रकार के किरदार में अपनी क्षमता साबित कर पाते हैं। अजय देवगन उन्हीं विशेष कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने अपने लम्बे करियर में हर जॉनर की फिल्मों में काम किया है और हर बार दर्शकों का दिल जीता है।
चाहे वह एक सख्त पुलिस ऑफिसर का रूप हो, कॉमेडी में मजेदार किरदार या फिर गंभीर और रहस्यमय भूमिकाएं, अजय हर रूप में खुद को अच्छे से पेश करते हैं। यही कारण है कि आज अजय देवगन फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सफल अभिनेताओं में से माने जाते हैं।
2 अप्रैल 1969 को दिल्ली में जन्मे अजय देवगन का असली नाम विशाल वीरू देवगन है। उनके पिता वीरू देवगन एक प्रसिद्ध स्टंट डायरेक्टर थे, जिससे अजय को बचपन से ही फिल्मों का माहौल मिला। उन्होंने मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की और फिर अभिनय की दुनिया में कदम रखा। साल 1991 में आई फिल्म 'फूल और कांटे' से उन्होंने बतौर नायक शुरुआत की। इस फिल्म में उनकी एंट्री दो बाइकों पर खड़े होकर हुई थी, जो आज भी चर्चित है।
अजय देवगन ने एक्शन फिल्मों में विशेष पहचान बनाई है। फिल्म 'सिंघम' में उन्होंने एक ईमानदार पुलिस ऑफिसर बाजीराव सिंघम का किरदार निभाया, जिसका डायलॉग और स्टाइल दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा, 'रेड' और 'तान्हाजी' जैसी फिल्मों में उनके दमदार एक्शन और गंभीर अभिनय ने दर्शकों को बांधकर रखा।
अजय ने कॉमेडी जॉनर में भी हाथ आजमाया और 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी में अपने मजेदार अंदाज से सबका दिल जीता। उनकी कॉमिक टाइमिंग ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ गंभीर रोल ही नहीं, बल्कि हास्य में भी माहिर हैं।
थ्रिलर फिल्मों में भी अजय देवगन ने अपनी अलग पहचान बनाई है। 'दृश्यम 2' में उन्होंने एक आम आदमी का किरदार निभाया, जो अपने परिवार को बचाने के लिए हर चुनौती का सामना करता है। इस फिल्म की रहस्यमयी कहानी और अजय का शांत, लेकिन मजबूत प्रदर्शन इसे खास बनाता है। दर्शकों ने इस फिल्म को बेहद पसंद किया और यह बड़ी हिट साबित हुई।
अजय देवगन को उनके अद्भुत अभिनय के लिए कई महत्वपूर्ण पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है और 2016 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से भी नवाजा गया।
आज अजय देवगन सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक निर्माता और निर्देशक भी हैं। उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में कार्य किया है और हर बार कुछ नया करने का प्रयास किया है। उनकी सबसे खास बात यही है कि वह हर जॉनर में खुद को ढाल लेते हैं, चाहे वह एक्शन हो, कॉमेडी हो या थ्रिलर।