क्या अमाल मलिक की मौसी रोशन गैरी ने ट्रोलर्स को दिया जवाब कि 'असल जिंदगी में भी वैसे ही हैं'?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 29 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। संगीत की दुनिया में अपने गानों के लिए मशहूर गायक अमाल मलिक इस समय रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' में अपने प्रभावशाली खेल से दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कुछ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं, जबकि अन्य उन्हें फेक बताकर ट्रोल कर रहे हैं।
इन ट्रोलर्स को जवाब देने के लिए उनके परिवार की ओर से एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि अमाल अपने असली स्वभाव के अनुसार ही खेल रहे हैं।
अमाल की मौसी रोशन गैरी ने राष्ट्र प्रेस को दिए एक इंटरव्यू में शो के सफर और उनके व्यक्तित्व के बारे में खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा, ''अमाल शो में बिल्कुल वैसे ही हैं, जैसे वह अपनी असल जिंदगी में हैं। वह ईमानदार और भावुक हैं।''
जब रोशन गैरी से पूछा गया कि क्या अमाल कोई रणनीति के तहत खेल रहे हैं, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। अमाल कोई खेल योजना नहीं बना रहे हैं और जो लोग उन्हें देखते हैं, वही उनका असली व्यक्तित्व है।
रोशन ने आगे कहा, ''बिग बॉस सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा अनुभव है जो आपको खुद और दूसरों के बारे में बहुत कुछ सिखाता है। अमाल इस अनुभव से सीख रहे हैं और खुद को और बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका व्यक्तित्व और उनका व्यवहार यही दिखाते हैं कि वह खेल को गंभीरता से ले रहे हैं।''
शो के शुरुआती दिनों में कई दर्शकों ने अमाल को अक्सर सोते हुए देखा और इंटरनेट पर उन्हें आलसी का टैग भी दिया गया। इस पर रोशन ने कहा, ''वह आलसी बिल्कुल नहीं हैं। यह उनकी आदत थी। बिग बॉस में आने से पहले अमाल रातभर काम करते थे और देर से उठते थे। यह उनकी दिनचर्या थी और उन्होंने खुद भी वीकेंड एपिसोड में इसका जिक्र किया था।''
उन्होंने आगे कहा कि शुरुआत में यह नई दिनचर्या अमाल के लिए थोड़ी चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन जैसे ही उन्होंने अपने आप को एडजस्ट किया, उन्होंने खेल में पूरी मेहनत और ध्यान के साथ हिस्सा लेना शुरू कर दिया। वह शांत और सुलझा हुआ इंसान हैं। वह किसी भी तरह की नकल या दिखावे में विश्वास नहीं रखते और हर परिस्थिति में अपने असली स्वभाव को बनाए रखते हैं।''
जब उनसे पूछा गया कि क्या शो में अमाल का कोई नया पक्ष सामने आया है, तो रोशन ने कहा कि ऐसा कुछ भी नया नहीं है। अमाल हमेशा से ही ईमानदार, भावुक और ज़मीन से जुड़े हुए रहे हैं। जो लोग उन्हें अब देख रहे हैं, वह उनका असल जिंदगी में स्वभाव है। उनके व्यक्तित्व की यही सादगी और ईमानदारी उन्हें बाकी कंटेस्टेंट्स से अलग बनाती है।