क्या अनुपम खेर और दीप्ति नवल भी हुए 'धुरंधर' के मुरीद? सोशल मीडिया पर की जमकर तारीफ
सारांश
Key Takeaways
- धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ का आंकड़ा पार किया।
- अनुपम खेर और दीप्ति नवल ने फिल्म की सराहना की।
- फिल्म का गाना 'इश्क जलाकर' बहुत लोकप्रिय हो रहा है।
मुंबई, 17 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। हाल में रिलीज हुई स्पाई एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ की चर्चा हर जगह सुनाई दे रही है। फिल्म के रिलीज होने के बाद इसकी स्टारकास्ट, गाने और शानदार कहानी की जमकर सराहना की जा रही है। दर्शकों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री की प्रमुख हस्तियों ने भी इसे सराहा है।
फिल्म की प्रशंसा करने वालों की सूची में अब प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर और दीप्ति नवल का नाम भी शामिल हो गया है। बुधवार को अनुपम ने फिल्म की तारीफ करते हुए अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे ड्राइव पर जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के बैकग्राउंड में धुरंधर का प्रसिद्ध गाना ‘इश्क जलाकर-कारवां’ बज रहा है। वीडियो शेयर करते हुए अभिनेता ने लिखा, “जब सारा देश धुरंधर और इसके म्यूजिक के जुनून में है, तो मैंने सोचा मैं क्यों नहीं, तो निकल पड़े हम तीन दोस्त (हरमन, अंकुर और मैं) भी एक लंबी ड्राइव पर। आदित्य धर की जय हो।”
ज्ञातव्य है कि फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना ‘इश्क जलाकर’ एक पुरानी क्लासिक कव्वाली का रीक्रिएटेड वर्जन है, जो फिल्म के म्यूजिक एल्बम का हिस्सा है और इस समय सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। इस गाने को शाश्वत सचदेव, शहजाद अली, शुभदीप दास चौधरी और अरमान खान ने गाया है, जबकि इसके लिरिक्स इरशाद कमिल और साहिर लुधियानवी के हैं। म्यूजिक का कंपोजेशन शाश्वत सचदेव ने किया है।
अभिनेत्री दीप्ति नवल ने भी इंस्टाग्राम पर रणवीर सिंह की एक तस्वीर शेयर की और फिल्म के बारे में लिखा, “मैंने फिल्म देखी। इसमें रणवीर का परफॉर्मेंस वाकई में अद्भुत है। वैसे तो मैं अक्षय की बहुत बड़ी फैन हूं, और इस फिल्म में भी उन्होंने बेहतरीन काम किया है। सभी कलाकारों का अभिनय शानदार रहा है। मैं निर्देशक और उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई देना चाहती हूं।”
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसे देखने वाले अधिकांश दर्शक इसकी तारीफ कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और इसमें संजय दत्त, सौम्या, सारा अर्जुन, अक्षय खन्ना, रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में हैं।