प्रधानमंत्री मोदी ने आशा भोसले की अस्पताल में भर्ती होने पर जताई चिंता, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
सारांश
Key Takeaways
- आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है।
- प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी सेहत के लिए चिंता जताई।
- आशा भोसले का संगीत करियर 80 वर्षों से अधिक है।
- उन्होंने लगभग 12,000 गाने गाए हैं।
- उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले हैं।
मुंबई, 12 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस और फिल्म जगत के सितारे उनकी सेहत के लिए प्रार्थना करने लगे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी सेहत को लेकर चिंता प्रकट की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, "यह जानकर मुझे चिंता हो रही है कि आशा भोसले जी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूँ।"
आशा भोसले की स्वास्थ्य स्थिति की बात की जाए, तो उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में किया जा रहा है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उनकी पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर साझा की। उन्होंने लिखा, "मेरी दादी आशा भोसले बहुत अधिक थकान और छाती के इन्फेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती हुई हैं। उनका इलाज जारी है और हमें उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम आपको जल्द ही अच्छी खबर देंगे।"
आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत के इतिहास में बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर में आठ दशकों से अधिक समय तक संगीत जगत में योगदान दिया है। उन्होंने लगभग 12,000 से अधिक गाने गाए हैं, जिनमें 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम', 'ये मेरा दिल', 'चुरा लिया है तुमने', 'इन आंखों की मस्ती के', और 'दिल चीज क्या है' जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं। उन्होंने गजल, भजन, पॉप और क्लासिकल हर शैली में अपनी आवाज का जादू बिखेरा है।
उन्होंने ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान के साथ मिलकर कई यादगार गीत दिए हैं। उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, फिल्मफेयर अवार्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। उनकी गिनती दुनिया के सबसे अधिक गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों में की जाती है।