क्या एकता जैन ने अपने जन्मदिन को एक अनोखे तरीके से मनाया?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 18 जून (राष्ट्र प्रेस)। ‘गुस्ताख’ फेम अभिनेत्री, मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर एकता जैन ने अपने जन्मदिन को एक अनोखे तरीके से मनाया। इस खास दिन को उन्होंने जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं के लिए समर्पित किया।
एकता ने स्लम क्षेत्र में जाकर बच्चों को नोटबुक्स, स्टेशनरी और अन्य शिक्षा सामग्री वितरित की। साथ ही, उन्होंने महिलाओं को सैनिटरी पैड्स देकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया। इस नेक कार्य में उनके साथ डीपीपी ट्रस्ट के ट्रस्टी हिमांशु झुनझुनवाला भी शामिल रहे।
एकता का मानना है कि मुस्कान बांटना ही सच्चा सेलिब्रेशन है। उन्होंने कहा, “खुशियों को बांटने से उनकी असली कीमत समझ में आती है और यह बढ़ती है। अगर किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने में हम सफल होते हैं, तो यह सबसे बड़े सेलिब्रेशन की तरह है।”
उन्होंने आगे कहा, “जन्मदिन केवल अपनी खुशी के लिए नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी में रोशनी लाने का अवसर भी होता है।”
हाल ही में, एकता जैन ने गुजरात के प्रतिष्ठित अहमदाबाद फैशन वीक में भाग लिया, जहां उन्होंने शानदार ड्रेस में रैंप वॉक कर सभी का ध्यान खींचा।
इस इवेंट में, उन्होंने डिजाइनर सौमालिका घोष के ब्रांड 'रंगचक्र' के लिए रैंप वॉक किया। उन्होंने मिडनाइट ब्लैक गाजी सिल्क का को-ऑर्ड सेट पहना था, जिस पर गोल्डन मंडला डिजाइन बना हुआ था, जिसमें वह बेहद खूबसूरत नजर आईं।
एकता का अभिनय करियर भी शानदार रहा है, जिसमें उन्होंने ‘शगुन’, ‘शाका लाका बूम-बूम’, ‘कहानी शांति की’, ‘नायक’ और ‘जिंदगी शतरंज है’ जैसी फिल्मों और टीवी शो में काम किया है। उन्हें असली पहचान कॉमेडी शो ‘गुस्ताख दिल’ से मिली।
उन्होंने थिएटर में भी अपनी प्रतिभा दिखाई है। इसके साथ ही, वह एक उत्कृष्ट एंकर हैं और सोशल मीडिया पर अपने फैशन और लाइफस्टाइल की झलकियां भी साझा करती हैं। इसके अलावा, वह सोशल वर्कर भी हैं, जो प्रेम सदन और एक्सेस लाइफ जैसे संगठनों के साथ जुड़ी हैं और अक्सर जरूरतमंदों की मदद करती हैं।
टीवी शो के अलावा, एकता कई हिंदी फिल्मों का भी हिस्सा रह चुकी हैं, जैसे ‘खाली बॉटल फुल बॉटल’, ‘शतरंज’ और ‘तौबा तौबा’। इसके साथ ही, वह कई बड़े इवेंट्स और अवॉर्ड शोज में एंकरिंग भी कर चुकी हैं।