क्या मुश्किल किरदार निभाने के बाद सामान्य जीवन में लौटना 'री एंट्री' जैसा होता है? केट विंसलेट का खुलासा
सारांश
मुख्य बातें
लॉस एंजेलेस, 27 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। हॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री केट विंसलेट ने कहा है कि जटिल और गहरे किरदार निभाने के बाद अपनी असली जिंदगी में लौटना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होता है।
ऑस्कर पुरस्कार विजेता केट ने 'लेसन्स फ्रॉम अवर मदर्स' नाम के एक पॉडकास्ट में बताया कि एक कलाकार के रूप में वह कुछ अनुभवों के बारे में बहुत कम चर्चा करती हैं, क्योंकि यह एक व्यक्तिगत मामला होता है। उन्होंने कहा कि जब कोई अभिनेता बेहद कठिन किरदार निभाता है, तो उस किरदार से बाहर निकलना सरल नहीं होता। उन्होंने अपनी वेब सीरीज 'मेयर ऑफ ईस्टटाउन' का उदाहरण देते हुए कहा कि यह किरदार उन्हें मानसिक रूप से थका देता था।
केट ने साझा किया कि इस प्रकार के किरदार निभाने के बाद उन्हें अपनी जिंदगी में फिर से “री-एंट्री” करनी पड़ती है; यानी दोबारा अपनी सामान्य जिंदगी में लौटना। इसका मतलब है दोस्तों के साथ समय बिताना, परिवार की दिनचर्या में वापस आना और उस किरदार को पीछे छोड़ना, जिसे उन्होंने लंबे समय तक निभाया हो। उन्होंने कहा कि किसी किरदार को अपने अंदर से पूरी तरह अलग करने में समय लगता है, खासकर जब वह भूमिका लंबे समय तक निभाई गई हो।
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2021 में 'मेयर ऑफ ईस्टटाउन' में काम करने के बाद उन्हें पेशेवर मदद की आवश्यकता पड़ी। इस सीरीज की शूटिंग को कोरोना महामारी ने बुरी तरह प्रभावित किया था। उन्होंने बताया कि यह शूटिंग छह महीने में पूरी होने वाली थी, लेकिन महामारी के कारण काम रुक गया और बाद में जब दोबारा शुरू हुआ, तो बचे हुए पांच हफ्ते बढ़कर दस हफ्ते हो गए।
केट ने याद करते हुए कहा कि अंततः उन्होंने उस किरदार को एक साल से अधिक समय तक निभाया। इसका असर उनके मानसिक संतुलन पर पड़ा और उन्हें लगा कि वह खुद से दूर होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह उनकी जिंदगी का एकमात्र मौका था, जब उन्हें सच में खुद को संभालने के लिए पेशेवर मदद की जरूरत पड़ी।
उन्होंने यह भी माना कि इस बारे में बात करना उन्हें अटपटा लगता है, क्योंकि बाहर से देखने वालों को यह अजीब या जरूरत से ज्यादा भावुक लग सकता है।
केट विंसलेट के 22 वर्षीय बेटे जो एंडर्स ने भी अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। जो एंडर्स के पिता केट के पूर्व पति सैम मेंडेस हैं। जो नई सीरीज 'केप फियर' में काम कर रहे हैं। केट ने बताया कि इस दौरान वह अपने बेटे को पूरा समर्थन दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि उनका बेटा भी इसी “री-एंट्री” के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में मां होने का एहसास और भी गहरा हो जाता है। उन्होंने बताया कि वह अपने बेटे को अच्छे खाने, घूमने और आराम करने के लिए प्रेरित करती हैं। अगर उसे बात करने का मन नहीं हो या वह पूरा दिन बिस्तर में रहना चाहता है, तो वह भी बिल्कुल ठीक है। केट का मानना है कि कभी-कभी कुछ न करना भी सही होता है और इसके लिए खुद को दोषी महसूस नहीं करना चाहिए।