क्या राशी खन्ना ने फरहान अख्तर को शानदार इंसान बताया और दर्शकों से '120 बहादुर' के लिए प्यार मांगा?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 21 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। अभिनेत्री राशी खन्ना अपनी नई फिल्म ‘120 बहादुर’ को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह फिल्म आज यानी शुक्रवार को पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म के रिलीज होने के साथ ही राशी ने अपने को-स्टार फरहान अख्तर की न केवल सराहना की, बल्कि दर्शकों से फिल्म के प्रति प्यार भी मांगा।
राशी खन्ना ने इंस्टाग्राम पर बीटीएस तस्वीरें साझा करते हुए फरहान अख्तर की प्रशंसा की। उन्होंने फरहान के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “फरहान सर के साथ शगुन शैतान सिंह का किरदार निभाना ऐसा लगा जैसे किसी ऐसी जगह पर कदम रखा हो, जहां सब कुछ अच्छा और आसान हो गया हो। उनमें एक शांत, समझदार इंसानियत है, जो आपको सबसे इंटेंस सीन में भी सुरक्षित महसूस कराती है।”
अभिनेत्री ने फरहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह उनके साथ बिताए हर पल के लिए आभारी हैं। इसके अलावा, उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन सभी मौकों के लिए धन्यवाद, जब फरहान सर ने उन्हें हंसाया। राशी ने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा, "120 बहादुर हमारी फिल्म अब आपकी है। कृपया जाइए, अपना प्यार बरसाइए।"
फिल्म की कहानी रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित है, जहां 120 भारतीय सैनिकों ने 3,000 चीनी सैनिकों के खिलाफ दृढ़ता से मुकाबला किया। यह फिल्म सैनिकों की वीरता और देशभक्ति की भावना को शानदार तरीके से प्रस्तुत करती है।
'120 बहादुर' को एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैपी स्टूडियोज ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। रजनीश घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राशी खन्ना ने शगुन का किरदार निभाया है, जबकि फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह के रोल में हैं। फरहान अख्तर और राशी खन्ना के अलावा फिल्म में अंकित सिवाच समेत अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।