‘दादी की शादी’ के नए गाने में कपिल शर्मा के साथ रिद्धिमा का डांस, पर्दे के पीछे का वीडियो साझा
सारांश
Key Takeaways
- रिद्धिमा साहनी का डेब्यू फिल्म ‘दादी की शादी’ के साथ हुआ है।
- गाना ‘सेंटी’ कपिल शर्मा और नीतू कपूर के साथ है।
- गाने में पारिवारिक खुशियों का आनंद है।
- फिल्म 8 मई को रिलीज होगी।
- सोशल मीडिया पर गाने का वीडियो वायरल हो रहा है।
मुंबई, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। अभिनेता रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा साहनी कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘दादी की शादी’ में अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रही हैं। हाल ही में इस फिल्म का नया गाना ‘सेंटी’ रिलीज हुआ है, जिसे दर्शक बहुत पसंद कर रहे हैं।
इस गाने में मस्ती, डांस और पारिवारिक खुशियों का शानदार मिश्रण प्रस्तुत किया गया है। इस गाने की विशेषता यह है कि इसमें कपिल शर्मा, नीतू कपूर, रिद्धिमा और उनकी बेटी समारा भी डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। तीन पीढ़ियों का यह संगम गाने को और भी खास बना रहा है।
रिद्धिमा ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर गाने का BTS वीडियो साझा किया, जिसमें सभी कलाकार गाने के हुक स्टेप पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वे डांस स्टेप सीखने और उसका आनंद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। रिद्धिमा ने वीडियो के साथ लिखा, "‘सेंटी’ गाना कैसे बनाया गया, पर्दे के पीछे की झलक।"
सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को काफी सराह रहे हैं। वे कमेंट सेक्शन में गाने की प्रशंसा कर रहे हैं और फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कपिल शर्मा और नीतू कपूर के साथ इस गाने में रिद्धिमा कपूर और सादिया खातिब भी नजर आ रही हैं। सभी कलाकार एक जीवंत और खुशनुमा डांस करते दिख रहे हैं। गाने में कपिल शर्मा और नीतू कपूर का स्वैग कमाल का है। यह गाना पारिवारिक समारोह के माहौल पर आधारित है, जिसे पायल देव और दिव्या कुमार ने अपनी मधुर आवाज में गाया है। लिरिक्स पायल, आदित्य और मोहसिन शेख ने लिखे हैं और संगीत भी पायल और आदित्य ने तैयार किया है।
फिल्म ‘दादी की शादी’ का निर्देशन आशीष आर. मोहन ने किया है, जो एक पारिवारिक ड्रामा है जिसमें हंसी और मस्ती का भरपूर आनंद है। कपिल शर्मा और नीतू कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। रिद्धिमा के अलावा, सदिया खातिब, साउथ सिनेमा के सुपरस्टार सरथ कुमार, निखत हेगड़े, तेजस्विनी कोल्हापुरे और सादिया खातिब सहित कई सहायक कलाकार इस फिल्म का हिस्सा हैं। यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।