क्या बिहार में महागठबंधन कभी एनडीए को हरा पाएगा? फडणवीस ने बताई इसकी वजह
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 17 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार में चुनाव की तिथियों का ऐलान होते ही राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारी को गति दे दी है। सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों और स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर रहे हैं, साथ ही उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है।
इसी बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बेगूसराय में भाजपा विधायक कुंदन कुमार के नामांकन में शामिल हुए, जहां उन्होंने लगभग तीन किलोमीटर लंबा रोड शो किया।
उलाव हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार ने अपना मन बना लिया है। बिहार एनडीए के साथ जाएगा। सीएम फडणवीस ने कहा कि बिहार इस बार फिर प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के साथ जाएगा, क्योंकि लोगों ने बदलते बिहार और प्रगति को देखा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बिहारवासियों का गहरा प्रेम है। नीतीश कुमार ने बिहार को जिस प्रकार से नेतृत्व प्रदान किया है, लोग उसकी कद्र करते हैं।
फडणवीस ने कहा कि बिहार में एनडीए की अभूतपूर्व जीत होगी। विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि महागठबंधन वास्तव में महाठगबंधन है, जो केवल अपने परिवार के विकास के लिए सत्ता की तलाश में हैं।
उन्होंने कहा कि एनडीए के लिए पूरे बिहार को एक परिवार मानते हैं, इसलिए महागठबंधन कभी भी एनडीए को हरा नहीं पाएगा। कांग्रेस द्वारा लगाये गए वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि हमने चुनौती दी थी, पर उन्होंने किसी भी सबूत को पेश नहीं किया। बेगूसराय और पूरे बिहार में एनडीए की प्रचंड लहर चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार एक बार फिर एनडीए के साथ खड़ा है।
इस दौरान, देवेंद्र फडणवीस ने बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी कुंदन कुमार के लिए प्रचार के उद्देश्य से रोड शो भी किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि बिहार रफ्तार पकड़ चुका है। बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है।