चीन में एआई प्रौद्योगिकी की नैतिकता और सरकार द्वारा नियंत्रण उपाय
सारांश
Key Takeaways
- एआई प्रौद्योगिकी की नैतिक समीक्षा के लिए नए उपाय जारी हुए हैं।
- उपाय मानव कल्याण, निष्पक्षता और तटस्थता पर केंद्रित हैं।
- उच्च गुणवत्ता वाले डेटा सेटों की ओपन-सोर्स रिलीज को बढ़ावा दिया जाएगा।
- पूर्वाग्रह और भेदभाव को रोकने के लिए उपाय किए जाएंगे।
- नैतिक मानकों का पालन करने वाले एआई उत्पादों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बीजिंग, 4 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। चीनी उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित 10 विभागों ने 3 अप्रैल को घोषणा की है कि उन्होंने मिलकर "कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी नैतिकता की समीक्षा और सेवा के लिए उपाय (परीक्षण)" जारी किए हैं। इन उपायों में एआई प्रौद्योगिकियों की नैतिक समीक्षा में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और एआई से जुड़े नैतिक जोखिमों को रोकने के लिए तकनीकी साधनों के उपयोग के महत्व पर जोर दिया गया है।
इन उपायों में यह स्पष्ट किया गया है कि एआई प्रौद्योगिकी की नैतिक समीक्षा मानव कल्याण, निष्पक्षता, तटस्थता और विश्वसनीयता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित होगी। इसके अंतर्गत यह जांच की जाएगी कि क्या प्रशिक्षण डेटा के चयन मानदंड, एल्गोरिदम, मॉडल और सिस्टम का डिज़ाइन तर्कसंगत है। साथ ही, यह भी देखा जाएगा कि पूर्वाग्रह और भेदभाव को रोकने के लिए क्या उचित उपाय किए गए हैं।
इसके अलावा, एल्गोरिदम, मॉडल, और सिस्टम के उद्देश्य, संचालन तर्क, अंतःक्रिया के तरीके और संभावित जोखिमों से संबंधित जानकारी का उचित खुलासा किया गया है या नहीं, इस पर भी ध्यान दिया जाएगा।
उपायों में यह भी उल्लेख किया गया है कि एआई प्रौद्योगिकियों की नैतिक समीक्षा को मजबूत करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले डेटा सेटों की ओपन-सोर्स रिलीज को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही, सामान्य प्रयोजन जोखिम प्रबंधन, मूल्यांकन और लेखापरीक्षा उपकरणों के अनुसंधान एवं विकास को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। नैतिक मानकों का पालन करने वाले एआई उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए नैतिक जोखिम मूल्यांकन की प्रक्रिया को विकसित किया जाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)