एम्स जम्मू में सीनियर रेजिडेंट सहित 78 पदों के लिए आवेदन शुरू, अंतिम तिथि निकट
सारांश
मुख्य बातें
जम्मू, 14 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी की इच्छा रखने वालों के लिए यह एक उत्कृष्ट अवसर है। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) जम्मू ने सीनियर रेजिडेंट/डेमोंस्ट्रेटर के कुल 78 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से प्रारंभ हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे बुधवार की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना आवेदन फॉर्म जमा करें।
एम्स जम्मू ने जिन 78 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, उनमें से 8 पद नेस्थिसियोलॉजी के हैं; अन्य विभागों में एनाटॉमी, कार्डियोलॉजी, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फैमिली मेडिसिन, फोरेंसिक मेडिसिन, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, न्यूरोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी, साइकेट्री, रेडियोथेरेपी, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन और ब्लड बैंक का 1-1; बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोथोरेसिक सर्जरी, एंडोक्रिनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और फिजियोलॉजी के 2-2; माइक्रोबायोलॉजी के 3; पीडियाट्रिक सर्जरी और रेडियोलॉजी (रेडियो-डायग्नोसिस) के 4-4; कम्युनिटी मेडिसिन और जनरल मेडिसिन के 5-5; जनरल सर्जरी और हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन के 6-6 और ट्रॉमा-इमरजेंसी मेडिसिन के 9 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित पद के अनुसार पोस्ट-ग्रेजुएट चिकित्सा डिग्री/एमएससी/एमबायोटेक और पीएचडी होनी चाहिए। इसके साथ ही कैंडिडेट्स को अन्य निर्धारित पात्रता और अनुभव होना भी आवश्यक है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 15 अप्रैल के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के कैंडिडेट्स को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के माध्यम से किया जाएगा। चयनित कैंडिडेट्स को 56,100 से 67,700 रुपए के बीच प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें अन्य लाभ और भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।
इंटरव्यू का आयोजन 'बोर्ड रूम, एकेडमिक ब्लॉक, एम्स विजयपुर जम्मू, 181134' पते पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। ध्यान दें कि 11:30 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। संस्थान की ओर से जल्द ही इंटरव्यू की तारीख की घोषणा की जाएगी।
आवेदन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को वर्गानुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 1,500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए है। दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार पहले एम्स-जम्मू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाकर संबंधित पद से जुड़े सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। सभी जानकारियों को सही से भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट करें। अंत में, आवेदन पत्र का एक प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें।
कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए एम्स जम्मू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत अधिसूचना को चेक कर सकते हैं।