क्या उत्तर प्रदेश के बहराइच में मुठभेड़ में एक बदमाश घायल और तीन गिरफ्तार हुए?
सारांश
मुख्य बातें
बहराइच, 30 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक महत्वपूर्ण खबर आई है, जहाँ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की हत्या के लिए रेकी कर रहे बदमाशों की एसटीएफ से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना कैसरगंज इलाके के कुंडासर विटारा गांव में हुई। चार बदमाश सुपारी लेकर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह की हत्या करने के इरादे से कैसरगंज पहुंचे थे। मुठभेड़ के बाद एसटीएफ और कैसरगंज पुलिस की टीम ने सभी बदमाशों को पकड़ लिया।
मुठभेड़ में घायल परशुराम मौर्य को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसटीएफ की टीम ने प्रदीप यादव, आलोक सिंह और साकेत रावत को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ एसटीएफ की टीम ने थाना कैसरगंज को सूचना दी कि जेल से छूटे चार अपराधी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह को मारने के लिए रैकी कर रहे हैं। इस सूचना पर एसटीएफ और कैसरगंज पुलिस ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।
अधिकारी ने कहा कि कुंडासर विटारा क्षेत्र में विजय सिंह के फॉर्महाउस के पास चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में देखे गए। जब टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने गोली चलाई और परशुराम मौर्या घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी। यह बाराबंकी का निवासी है।